इंदौर.
पश्चिम बंगाल में विरोध के चलते टाटा की नैनो कार फैक्टरी संकट में है। टाटा वहां से हटाने की बात भी कह चुके हैं। ऐसे में सरकार ने नैनो को प्रदेश में लाने के लिए टाटा से संपर्क साध रखा है।
सरकार ने सभी सुविधाएं और सर्वश्रेष्ठ इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने का दावा करते हुए टाटा को निमंत्रण भी भेज दिया है। उन्हें यह भी बताया गया है कि प्रदेश में इस तरह की कोई परेशानी नहीं आएगी। 80 के दशक में स्थापित पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र 2001 में एशिया का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र रहा है। फिलहाल यहां छह बड़ी ऑटोमोबाइल यूनिट काम कर रही हैं। इनमें मान फोर्स, आयशर, हिंदुस्तान मोटर्स, काइनेटिक, एलएनटी एवं ब्रिजस्टोन जैसी नामी कंपनियां शामिल हैं। इनके अलावा करीब 60 छोटी कंपनियां भी हैं, जो स्पेयर पार्ट्स बनाने के काम में लगी हुई हैं। टाई अप के बाद ट्रक बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल वाल्वो भी जल्द ही पीथमपुर आने वाली है। इतना ही नहीं चार हजार एकड़ क्षेत्र में एशिया का सबसे बड़ा ऑटो टेस्टिंग ट्रैक भी निर्माणाधीन है।
उधर, प्रदेश सरकार भी लंबे समय से पीथमपुर को सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल हब बनाने की घोषणा करती आई है। औद्योगिक केंद्र विकास निगम (एकेवीएन) के एमडी राघवेंद्रसिंह बताते हैं यदि सरकार इस बारे में कोई करार करती है तो हम उसका पूरी तरह पालन करेंगे।
आईटी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भास्कर को बताया कि नैनो को प्रदेश और खासकर पीथमपुर लाने के लिए सरकार भरसक कोशिश कर रही है। माहौल की दृष्टि से मप्र देश में सबसे बेहतर है और इंफ्रास्ट्रक्चर भी तेजी से विकसित हो रहा है।
डेटलाइन सिंगुर
टाटा ने वापस बुलाए कर्मचारी : तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार धमकाने से आहत टाटा मोटर्स ने अपने कर्मचारी सिंगुर से वापस बुला लिए हैं।
कोई नहीं आया काम पर : प्रबंधन द्वारा फैक्टरी खाली करने के निर्देश जारी होने के बाद पिछली रात से वहां कोई काम पर नहीं गया है। इनमें करीब 800 इंजीनियर, एक्जीक्यूटिव व तकनीशियनों के अलावा निर्माण कार्य में लगे लगभग 500 मजदूर शामिल हैं।
ममता का प्रचार : तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी कहती फिर रही हैं कि टाटा मोटर्स का प्रबंधन स्वीकार कर चुका है कि नैनो के निर्माण के लिए 650 एकड़ जमीन पर्याप्त है।
टाटा टी भी निशाने पर : अब तृणमूल कार्यकर्ता टाटा समूह की दूसरी प्रमुख कंपनी टाटा टी के नाम पर दुष्प्रचार कर रहे हैं।