News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर/दुर्ग.
भारतीय जनता युवा मोर्चा के विजय संकल्प सम्मेलन में पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने आतंकवाद और नक्सलवाद को बढ़ाने का आरोप लगाते हुए केंद्र की यूपीए सरकार पर तीखे प्रहार किए।
सप्रे शाला मैदान पर उन्होंने सम्मेलन के मंच से कहा कि नक्सली ध्यान रखें, बदलाव बंदूक से नहीं हो सकता। अगर वे परिवर्तन चाहते हैं तो बैलेट (चुनाव) का रास्ता अपनाएं। उन्हें नेपाल में हुए परिवर्तन पर ध्यान देना चाहिए।
श्री सिंह ने कहा कि नेपाल में माओवादियों ने जिस तरह लोकतंत्र पर आस्था जताई, उससे यहां नक्सलियों को सबक लेना चाहिए। अगर उन्हें लगता है तो वे अपना राजनैतिक दल भी बना लें। नक्सलियों से लड़ाई के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह की तारीफ की। श्री सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार को जैसी लड़ाई लड़नी चाहिए, वह नहीं लड़ रही है। दरअसल केंद्र सरकार ने देश में अजीब हालात पैदा कर दिए हैं। कश्मीर में लोग पाकिस्तान का झंडा लहरा रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ देशद्रोह का मामला चलाकर उन्हें जेल में डाल देना चाहिए।
श्री सिंह ने कहा कि केंद्र की मौजूदा सरकार हमारी आस्था से खिलवाड़ कर रही है। भगवान श्रीराम हमारे आराध्य हैं और यूपीए सरकार राम के अस्तित्व पर ही सवालिया निशान लगा रही है। कांग्रेस याद रखे, जो राम को छोड़ देगा उसे डूबने से कोई नहीं बचा सकता। उन्होंने चेतावनी भी दी कि कांग्रेस को इस भ्रम में नहीं रहना चाहिए कि भाजपा के रहते रामसेतु कोई तोड़ लेगा।
भारी पड़े सिद्धू
भाजपा के चर्चित सांसद और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने चुटीले लेकिन आक्रामक अंदाज से सम्मेलन में खूब वाहवाही बटोरी। उनका भाषण जितनी देर चला, तालियां बजती रहीं। उन्होंने अपने अंदाज में कांग्रेस पर हमला किया और कहा - कांग्रेस के 60 साल और अटल सरकार के पांच साल को तराजू में तौल लो। पलड़ा अटलजी का ही भारी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संसद में कहते हैं कि कलावती के घर तक बिजली पहुंचाएंगे। वे भूल गए कि देशभर में 60 साल में कांग्रेस ने ही जगह-जगह कलावती पैदा कीं। गरीबी हटाने के नारे से भी कांग्रेस ने स्वार्थ साधा। उनका नारा था-कांग्रेस का हाथ, गरीबों के साथ, पर हुआ इसके विपरीत। कांग्रेस का हाथ-गरीबों के गाल पर।
दोबारा सरकार
प्रदेश भाजपा के चुनाव प्रभारी रविशंकर प्रसाद ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की दोबारा सरकार बनने से कोई रोक नहीं सकता। रमन सरकार ने जनता विश्वास जीता है। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित ठाकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में रमन सरकार रिपीट होगी और कांग्रेस की पिटाई होगी। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं ने भाजपा की सरकार दोबारा बनाने और केंद्र से यूपीए सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया है।
आडवाणी आएंगे, महंगाई रोकेंगे
श्री सिंह ने महंगाई पर भी कांग्रेस के आड़े हाथों लिया और कहा कि अटलजी की सरकार ने इसपर काबू रखा था, लेकिन यूपीए सरकार के आते ही कीमतें आसमान छूने लगीं। अटल सरकार के कार्यकाल में परमाणु विस्फोट के बाद देश पर दुनिया के प्रमुख देशों ने प्रतिबंध लगा दिया था, फिर भी महंगाई पर नियंत्रण रखा गया था। उन्होंने कहा कि देश में लालकृष्ण आडवाणी जब प्रधानमंत्री होंगे, तब महंगाई पर फिर रोक लगाई जाएगी।
रमन का काम इतिहास के पन्नों पर दर्ज होगा
श्री सिंह ने मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के कामों की तारीफ करते हुए कहा कि उनके द्वारा किए गए कार्य इतिहास के पन्नों में दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने जो किया है, उसके लिए साधुवाद है। गरीबों को तीन रुपए चावल, 25 पैसे में नमक और तेंदूपत्ता संग्राहकों को चरणपादुका देने का काम कर उन्होंने बता दिया है कि वे केवल प्रगतिशील ही नहीं, संवेदनशील मुख्यमंत्री भी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य में भाजपा की फिर सरकार बनेगी और उसके बाद होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
छत्तीसगढ़ और दिल्ली जीतेंगे
मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति की बदौलत आगामी विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में भाजपा की दोबारा सरकार बनेगी। लोकसभा चुनाव में भी छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटें भाजपा जीतेगी। उन्होंने युवाओं को संकल्प दिलाकर भाजपा अध्यक्ष को भरोसा दिलाया कि दोनों ही चुनाव में भाजपा की जोरदार जीत होगी। उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ देश का सबसे विकसित राज्य होगा।
तीखे सवालों से उखड़ गए सीएम
भास्कर न्यूज. दुर्ग. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह पत्रकारों से बातचीत अधूरी छोड़कर चले गए। भाजपा सांसदों के खरीद-फरोख्त संबंधी सवाल पर मुख्यमंत्री डा. रमनसिंह उखड़ गए। राजनाथ को जवाब देने का मौका दिए बगैर वे उठ खड़े हुए और राजनाथ को भी साथ ले गए।
सवाल- जिस राज्य से भाजपा के ज्यादा सांसद जीतकर आते हैं, वहीं के सांसद क्यों बिक जाते हैं?
राजनाथ- कांग्रेस खरीद लेती है।
सवाल- भाजपा के सांसद बिकते क्यों हैं?
राजनाथ- पलभर चुप रहने के बाद जैसे ही बोलने को आतुर हुए बगल में बैठे मुख्यमंत्री खिन्न होकर उठ गए। रायपुर जल्दी जाने के बात कहते हुए मुख्यमंत्री चल पड़े और राजनाथ सिंह भी उनके साथ हो लिए। प्रदेश के चुनाव प्रभारी रविशंकर प्रसाद भी ऐसे सवाल करने को लेकर नाराजगी जताते हुए उनके पीछे निकल गए।