bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

नक्सली हमले में छह शहीद

जगदलपुर/नारायणपुर. naxali बेनूर इलाके के छेरीबेड़ा के पास माओवादियों ने शुक्रवार की सुबह सीआरपीएफ के काफिले के एक वाहन को विस्फोट से उड़ा दिया। इस वारदात में इंस्पेक्टर समेत 5 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य घायल ने हास्पिटल में उपचार के दौरान दम तोड़ा। कोंडागांव से सुबह सीआरपीएफ 43वीं बटालियन के कमांडिंग आफिसर सतपाल रावत ‘सिविक एक्शन’ के लिए चार वाहनों का काफिला लेकर नारायणपुर के लिए निकले। बस्तर रेंज के आईजी एएन उपाध्याय ने बताया कि काफिला 11.30 बजे बेनूर से पांच किमी दूर छेरीबेड़ा पुलिया के करीब से गुजर रहा था तो कमांडिंग आफिसर के वाहन के पीछे चल रहे फालोगार्ड के बोलेरो वाहन को करीब के जंगलों में घात लगाए नक्सलियों ने बारूदी सुरंग विस्फोट कर उड़ा दिया।

पुलिस के मुताबिक धमाका इतना जबरदस्त था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और सड़क में करीब 5 फीट गहरा गड्ढा हो गया। वाहन में सवार इंस्पेक्टर आरएस कांग (पंजाब), कांस्टेबल के तिमन्ना (आंध्रप्रदेश), एसके दल(उड़ीसा), एनएस गोगा (राजनांदगांव) और ड्राइवर बीरबल माहंती (उड़ीसा) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल रमेशचंद्र पात्रो (उड़ीसा) को नारायणपुर हास्पिटल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। विस्फोट के बाद मार्ग अवरुद्ध हो जाने से यातायात ठप हो गया है। विस्फोट में जवानों के हथियार एक एसएलआर, एक इंसास एलएमजी, एक एके-47, एक कार्बाइन, एक मोर्टार, एक एके-एम और बुलेट प्रूफ जैकेट क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ ही दूरी पर अन्य वाहन होने के कारण नक्सली हथियार लूटने में कामयाब नहीं हो पाए। पुलिस ने मौके से 300 मीटर इलेक्ट्रिक वायर बरामद किया है। समझा जाता है इतनी ही दूरी से नक्सलियों ने विस्फोट किया होगा।

विस्फोट में करीब 100 किग्रा बारूद का इस्तेमाल किया गया था। विस्फोट के बाद वाहन का इंजन करीब 60 मीटर की दूरी पर जा गिरा। जिस स्थान पर विस्फोट किया गया था वहां ढलान होने के कारण सड़क पर पानी भरा था। इस कारण बोलेरो चालक ने रफ्तार काफी धीमी कर दी थी।

काफिले में शामिल सभी वाहन करीब 100 मीटर की दूरी बनाकर चल रहे थे। हादसे के शिकार जवानों का शव पोस्टमार्टम के लिए कोंडागांव लाया गया है। सीआरपीएफ की 43वीं बटालियन की कंपनियां बेनूर, एड़का और मुंजमेटा में तैनात हैं। गौरतलब है बीते 13 अगस्त की दोपहर घटनास्थल से दो किमी पहले माओवादियों ने बस्तर के सांसद बलीराम कश्यप को निशाना बनाने की कोशिश की थी जिसमें वे बाल-बाल बच गए थे। इस घटना में उनके दो फालोगार्ड घायल हो गए थे।

हिंसा का घिनौना खेल : रमन
मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कोंडागांव-नारायणपुर मार्ग पर ग्राम बेनूर के नजदीक नक्सलियों द्वारा बारूदी सुरंग विस्फोट किए जाने की निंदा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ नेपाल में माओवादी बुलेट छोड़कर बैलेट के जरिए लोकतंत्र का हिस्सा बन रहे हैं, वहीं छत्तीसगढ़ में नक्सली हिंसा का घिनौना खेल खेल रहे हैं। इतिहास उनको कभी माफ नहीं करेगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: