News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर.छात्रसंघ चुनावों के दौरान नई सड़क स्थित माधव कॉलेज के बाहर छात्रों के दो गुट झगड़ पड़े। झगड़े में उठा-पटक हुई और हवाई फायर भी हुआ। झगड़े के बाद कुछ छात्रों ने चक्काजाम भी किया।
कॉलेज के बाहर तनाव की स्थिति देखते हुए यहां पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात किया गया। पुसिल ने झगड़ा करने तथा चक्काजाम करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। चुनाव के मामले में माधव कॉलेज को पुलिस ने संवेदनशील कॉलेज माना था और इसके चलते ही यहां पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात किया गया था।
सुबह दस बजे चुने कक्षा प्रतिनिधियों को कॉलेज के अंदर भेजने की प्रक्रिया चल रही थी, इसके लिए पुलिस इनके आईडेंटिटी कार्ड चेक कर रही थी। इसी दौरान कॉलेज परिसर के बाहर सड़क पर छात्रों के दो गुट झगड़ने लगे।
एक गुट का आरोप था कि दूसरे गुट के समर्थकों ने एक कक्षा प्रतिनिधि का आईडेंटिटी कार्ड फाड़ दिया है। लगभग आधा घंटे तक दोनों गुट सड़क पर झगड़ते रहे। पहले दोनों के बीच गाली-गलौज हुआ और उसके बाद हाथापाई शुरू हो गई।
यहां पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने दोनों छात्र गुटों को समझाने की कोशिश की लेकिन यह नाकाफी रही और खबर फैलने के साथ ही यहां पर छात्रों का हुजूम एकत्रित हो गया। तनाव के हालात देखते हुए यहां पर पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुला लिया। इस बीच छात्रों में से किसी ने एक हवाई फायर कर दिया तो भगदड़ मच गई।
अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद सीएसपी लश्कर अमित सक्सेना ने छात्रों को दोबारा समझाने का प्रयास किया इसके बाद भी छात्रों के तेवर नहीं बदले तो पुलिस फोर्स ने हल्का बल प्रयोग कर कॉलेज के सामने उत्पात कर रहे छात्रों को तितर-बितर कर दिया।
कॉलेज के सामने से भागकर छात्र हरीनिर्मल सिनेमा के सामने एकत्रित हो गए और चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम लगभग आधा घंटे चला, यहां भी पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर चक्कजाम खुलवाया।
जनकगंज थाने के टीआई दीपक भार्गव के मुताबिक कॉलेज के सामने झगड़ा करने के मामले में पुलिस ने कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नवनीत पाठक की शिकायत पर मोहित जाट, विनोद लंगड़ा, पप्पन और राहुल के खिलाफ मारपीट करने, धमकी देने तथा हवाई फायर करने का मामला दर्ज कर लिया है। चक्काजाम किए जाने का मामला पुलिस ने मोहित जाट और इसके 25-30 साथियों के खिलाफ दर्ज किया है।