इंदौर. छात्रसंघ चुनाव के दौरान गवर्नमेंट आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज (जीएसीसी) से लेकर भंवरकुआं चौराहा पर थाने के सामने तक जमकर भगदड़ मची। विवाद की शुरुआत एक कार से हथियार बरामद होने और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) कार्यकर्ता की गिरफ्तारी से हुई।
चुनावी खींचतान के चलते जीएसीसी के सामने छोटे-मोटे विवाद तो सुबह से ही होने लगे थे। 11.30 बजे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने पुलिस को बताया कॉलेज के सामने खड़ी सफेद मारूति कार में हथियार हैं।
पुलिस ने जांच की तो उसमें एक तलवार, एक एयरगन और चार-पांच बैसबॉल के बल्ले मिले। कार मालिक वीरेंद्रसिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। वह एनएसयूआई से संबद्ध बताया गया।
पुलिस उसे भंवरकुआं थाने ले गई तो एबीवीपी के कार्यकर्ता वहां पहुंचे और सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। कुछ ही देर में उसके बचाव में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भी मोर्चा संभाल लिया। दोनों पक्ष आमने-सामने आए, तनाव बढ़ा और नारेबाजी के बीच पथराव होने लगा। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस लाठियां भांजने लगी। तब कोई टॉवर चौराहा की ओर भागा तो कोई खंडवा रोड पर। दस मिनट में ही वहां तनाव खत्म हो गया।
इसी तरह वैष्णव कॉमर्स कॉलेज, गुमाश्तानगर में भी 11.30 बजे एबीवीपी और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में मारपीट की नौबत आ गई।