bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

कोबरा के साथ ब्लैक पैंथर

रायपुर. छत्तीसगढ़ पुलिस ने एसटीएफ को मजबूत स्वतंत्र इकाई बनाने के तरीकों पर विचार शुरू कर दिया है। सबसे पहले एसटीएफ को नाम दिया जाएगा, जैसा आंध्रप्रदेश में (ग्रे-हाउंड) है।

आधा दर्जन नामों पर विचार के बाद अफसरों ने छत्तीसगढ़ एसटीएफ का नाम ब्लैक पैंथर रखने का फैसला किया है। यह प्रस्ताव कुछ दिन में शासन को भेज दिया जाएगा। प्रस्ताव शासन को भेजने की जरूरत इसलिए है क्योंकि बाद में सारी सरकारी कार्रवाई ब्लैक पैंथर के नाम पर ही होगी।

सूत्रों ने बताया कि डीजीपी विश्व रंजन और डीजी सीएएफ अनिल एम नवानी दो-चार दिन में एसटीएफ को मजबूत बनाने के संशोधनों को अंतिम रूप देंगे। अभी छत्तीसगढ़ एसटीएफ की एक बटालियन (1000 से ज्यादा अफसर-जवान) बस्तर में तैनात है। इसके करीब 10 फीसदी जवान अलग-अलग कारणों से तैनाती पर नहीं हैं, लेकिन बाकी कमांडो लड़ाई के मोर्चे पर हैं।

यूनिफार्म नहीं बदलेगी : ब्लैक पैंथर में तब्दील होने के बावजूद एसटीएफ जवानों की वर्दी नहीं बदलेगी। अभी एसटीएफ में जंगल प्रिंट वाली वर्दी प्रचलन में है। डीजीपी ने कहा कि नाम फाइनल होने के बाद वर्दी में ब्लैक पैंथर का काला प्रतीक चिन्ह लगा दिया जाएगा। अलबत्ता, ब्लैक पैंथर के लिए पुलिस मुख्यालय अत्याधुनिक साजो-सामान खरीदने वाला है। इनमें जंगल बूट, मजबूत बुलेटप्रूफ जैकेट्स, सामान-असलहा रखने वाले पिट्ठू और ज्यादा क्षमता वाले टिफिन-वाटर बैग्स वगैरह हैं।

इंटेलिजेंस का सपोर्ट
ब्लैक पैंथर के लिए अलग इंटेलिजेंस नेटवर्क डेवलप किया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक एडीजी इंटेलिजेंस गिरिधारी नायक और आईजी डीएम अवस्थी इसका खाका तैयार कर रहे हैं। जासूसी तंत्र मजबूत करने के लिए डीआईजी पवन देव को विशेष सतर्कता ब्यूरो (एसआईबी) का काम सौंपा गया है।

श्री देव नक्सल प्रभावित राजनांदगांव के अलावा कांकेर में रेंज डीआईजी, नक्सल आपरेशंस थे। ब्लैक पैंथर को पोर्टेबल मोबाइल जैमर और वी-सैट देने का भी प्रस्ताव है। इनकी खरीदी जल्द होगी।

- एसटीएफ का नाम ब्लैक पैंथर रखने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। नामकरण के कुछ मनोवैज्ञानिक फायदे हैं। बाज और चीता जैसे प्रयोग पहले भी हो चुके हैं। एसटीएफ को मजबूत बनाना प्राथमिकता है।
- विश्व रंजन, डीजीपी, छत्तीसगढ़





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: