bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

हेलिकाप्टर ढूंढ़ने नक्सलियों से मांगी मदद

रायपुर. रैन एयर कंपनी के लापता हेलिकाप्टर की तलाश में सरकारी तंत्र अब तक फेल रहा है। इसी वजह से हेलिकाप्टर में सवार चालक दल के परिजनों ने नक्सली समर्थकों से संपर्क कर उनसे हेलिकाप्टर की खोज में मदद का आग्रह किया है।

हेलिकाप्टर के पायलट कैप्टन वीपी सिंह के पुत्र स्क्वाड्रन लीडर एपी सिंह ने क्रांतिकारी लेखक वरवरा राव से संपर्क कर मदद मांगने के बाद श्री राव ने नक्सलियों के लिए अपील जारी की है।

क्षेत्र में सक्रिय सीपीआई (माओवादी) के कार्यकर्ताओं से उन्होंने लापता सदस्यों के परिजनों की तकलीफों को ध्यान में रखते हुए मानवता के आधार पर हेलिकाप्टर के संबंध में जरूरी सूचना देने का आग्रह किया है। श्री राव ने उनसे हेलिकाप्टर की खोज में किसी प्रकार की बाधा खड़ी नहीं करने की अपील की है।

नक्सलियों से इस तरह की अपील पहली बार की गई है। 3 अगस्त को हैदराबाद से रायपुर आते समय लापता हुए हेलिकाप्टर में पायलट कैप्टन वीपी सिंह और कैप्टन आर गौर के साथ दो तकनीकी सदस्य हैं। इनकी खोज के लिए वायुसेना के हेलिकाप्टरों के साथ राज्य पुलिस और निजी कंपनियों के हेलिकाप्टर की मदद ली गई है।

हेलिकाप्टर को खोजने के लिए अब तक किए गए सारे प्रयास नाकाम साबित हुए हैं। सरकारी अभियान से चालक दल के परिजनों में नाराजगी है। उनका मानना है कि पुलिस की खोज सतही है। जंगल में भीतर पुलिस घुस ही नहीं पा रही है।

राज्य पुलिस ने 25 थाना क्षेत्रों को एलर्ट कर हेलिकाप्टर की खोज की है। हवाई सर्वे फेल होने के बाद ग्रामीणों की छोटी-छोटी टुकड़ी को जंगल में भीतर भेजकर हेलिकाप्टर की तलाश करवाई गई है। 27 दिन बाद भी हेलिकाप्टर के संबंध में किसी प्रकार की सूचना नहीं मिल पाई है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: