News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
मुख्यमंत्री डा. रमनसिंह ने आज राजधानी में रोड शो कर 42 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दीं। उन्होंने पुरानी योजनाओं का लोकार्पण किया और कुछ नई योजनाओं की नींव रखीं। रिमझिम बारिश में मुख्यमंत्री श्रीरामनगर,मोवा,खमतराई,टिकरापारा,कोटा,रामनगर,टाटीबंध और संतोषीनगर के लोगों से मुखातिब हुए।
श्री सिंह के साथ कार्यक्रमों में सांसद रमेश बैस, राजस्वमंत्री बृजमोहन अग्रवाल, पंचायतमंत्री अजय चंद्राकर, पीडब्लूडी मंत्री राजेश मूणत, महापौर सुनील सोनी, सभापति रतन डागा और पार्षद भी थे। कार्यक्रम की शुरूआत श्रीरामनगर से हुई। यहां सीएम ने पौने पांच करोड़ की लागत से बनने वाले अंडरब्रिज का भूमिपूजन किया। सीएम और नेताओं का लोगों ने ढोल-बाजों, आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया। काफिले में हाथियों को भी शामिल किया गया था।
कार्यक्रम में श्री सिंह को साफा बांधा गया। रिमझिम बारिश के वजह से हर जगह कार्यक्रमों को छोटा करना पड़ा। लोधीपारा चौक में मुख्यमंत्री का लोगों ने जोरदार स्वागत किया। सीएम का काफिला एक के बाद एक आयोजन स्थलों पर पहुंचता रहा।
श्रीरामनगर से सीएम सीधे काफिले के साथ मोवा पहुंचे। यहां 35 लाख रुपए की लागत से बने सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने मोवा से कचहरी चौक रोड चौड़ीकरण का भूमिपूजन भी किया। इसकी लागत 4.13 करोड़ रुपए होगी। श्री सिंह ने खमतराई चौक में भी सड़क चौड़ीकरण का भूमिपूजन किया। इसकी लागत 5 करोड़ है।
विकास इसी गति से : रमन
खमतराई में श्री सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में विकास की गति इसी तरह आगे बढ़ेगी। राजधानीवासियों और प्रदेशवासियों की कई बहुप्रतीक्षित मांगें पूरी की जाएंगी।
कहां क्या सौगात?
>> श्रीरामनगर रेलवे क्रांसिंग पर अंडरब्रिज - लागत 475.30 लाख
>> खमतराई में सड़क चौड़ीकरण - 5 करोड़
>> कोटा में अंडरब्रिज, हीरापुर क्रांसिंग - 4.99 करोड़
>> कालीबाड़ी से पचपेड़ीनाका सड़क चौड़ीकरण - 1 करोड़
>> कचहरीचौक से मोवा सड़क चौड़ीकरण - 4 करोड़ 13 लाख
>> रामनगर से समताकालोनी अंडरब्रिज - 3 करोड़ 52 लाख
>> टाटीबंध सड़क चौड़ीकरण - 9 करोड़ 80 लाख
>> संतोषीनगर चौक चौड़ीकरण - 6 करोड़ 9 लाख