News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur सक्ती. ‘जाको राखे साइयां मार सके ना कोय..’की तर्ज पर आज शहर के व्यस्ततम राष्ट्रीय राजमार्ग कचहरी चौक पर एसडीओपी कार्यालय के सामने यह घटना हुई।
अग्रसेन चौक के कपड़ा व्यवसायी प्रकाश कुमार अग्रवाल का 8 वर्षीय बालक निखिल अग्रवाल बाल-बाल बच गया। निखिल एमएल जैन इंग्लिश मीडियम स्कूल से पढ़ाई कर अपनी छोटी साइकिल पर घर वापस आ रहा था।
एसडीओ कार्यालय के सामने रायगढ़ से रायपुर की ओर कोयला लोड़ कर जा रहे ट्रक वाहन क्रमांक जेएच क्१ टी ३३४७ के चालक विनय कुमार प्रसाद ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए निखिल को ठोकर मारी। जिससे निखिल अपनी साइकिल सहित ट्रक के चेचिस के नीचे फंस गया।
बालक को ट्रक के नीचे आते देख चालक ने तुरंत ब्रेक लगाया, जिससे निखिल तो बच गया पर उसकी साइकिल चकनाचूर हो गई। इस घटना में निखिल के हाथ-पैर में चोटें आई। इसके बाद लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई। लोगों ने निखिल व उसकी साइकिल को ट्रक से नीचे निकाला।
घायल अवस्था में उसे हटरी चौक स्थित डा. राजेश अग्रवाल के पास लाया गया, जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद उसे बिलासपुर रिफर कर दिया गया। इस बीच आरोपी ट्रक चालक वहां से फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने चालक की खोजबीन कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रतिनिधि मंडल टीआई से मिला: भारी वाहनों को नियंत्रित करने की मांग लेकर आज एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर निरीक्षक एनपी उपाध्याय से भेंट कर उन्हें वस्तुस्थिति की जानकारी दी। साथ ही पुलिस अधीक्षक पीएस बारा से भी फोन पर चर्चा कर आवागमन को नियंत्रित करने हेतु पहल करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा प्रदेश प्रतिनिधि रामअवतार अग्रवाल, प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष सुभाष गर्ग, प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेश शर्मा, भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष जगदीश सराफ, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष कन्हैया गोयल, कपूरचंद अग्रवाल, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष देवेंद्र निर्मलकर शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर निरीक्षक से शहर के व्यस्ततम अग्रसेन चौक में रोड स्टापर रखने, स्थायी ब्रेकर का निर्माण कराने, स्कूलों की छुट्टी के समय पुलिस कर्मचारियों की तैनाती मुख्य मार्ग पर करने की अपील की। जिस पर टीआई श्री उपाध्याय ने शीघ्र ही नई कार्ययोजना के तहत पहल करने की बात कही।
टीआई ने बताया कि शहर में नाबालिग बच्चों द्वारा दुपहिया वाहन चलाए जाने पर जांच शिविरों व शहर के व्यवसायियों को अपनी दुकानों के सामने खड़े किए जाने वाले अव्यवस्थित ढंग से छोटे-बड़े वाहनों को हटाने हेतु कार्रवाई की जाएगी। व्यस्ततम मार्ग के किनारे स्थित स्कूलों के बच्चों को भी मुख्य मार्गो पर भारी आवागमन से बचाने योजना तैयार की जाएगी।
स्टापर हुए गायब
शहर में आज एक बड़ी दुर्घटना टल गई। घटनास्थल शहर के व्यस्तम कचहरी चौक से लगा हुआ है, जहां प्रतिदिन स्कूली बच्चों की छुट्टी के समय भारी ट्रकों के आवागमन के कारण अप्रिय घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। मारवाड़ी युवा मंच की स्थानीय शाखा ने पहले भी इस मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने स्टापर लगाने योगदान दिया था। वे स्टापर कहां हैं, इसका पता पुलिस को भी नहीं है।