News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati सीकर,चूरू,क्षुंझुंनूं.
कोसी के कहर से शेखावाटी का दिल भी दहल गया है। बिहार में कारोबार कर रहे शेखावाटी के हजारों प्रवासियों को बाढ़ की वजह से करोड़ों का नुकसान होने के समाचार हैं। बाढ़ में शेखावाटी से करीब 25 हजार लोग फंसे हुए है।
ये लोग अब अपने परिजनों को बाढ़ से सुरक्षित निकालकर राजस्थान भेजने में जुटे हैं। शनिवार को भी पानी थमने का नाम नहीं ले रहा था और संचार सेवाएं भी पूरी तरह से ठप हो गईं। इस वजह से लोगों का सम्पर्क नहीं हो पा रहा।
बाढ़ प्रभावितों से मिली जानकारी के मुताबिक चालीस किमी क्षेत्र में चारों ओर पानी ही पानी नजर आ रहा है। बाढ़ से भवानीपुर, दमदा, मुरलीगंज, मधेपुरा, त्रिवेणीगंज, सिपोल, प्रतापगंज, बिहारीगंज बुरी तरह प्रभावित हैं। बाढ़ के कारण पलायन को मजबूर हुए लोगों के घर और दुकानों में चोरी के समाचार भी हैं। इस वजह से मारवाड़ी कारोबारियों में नुकसान को लेकर दहशत बनी हुई है। सुजानगढ़. छापर के श्यामसुंदर तापड़िया जो बिहार के पूर्णिया जिले में गुलाब बाग में रह रहे है। उन्होंने फोन से बताया कि गुलाब बाग में पाट व्यवसाय भवन में बाढ़ पीड़ितों की सहायतार्थ शिविर लगा रखा है। शिविर में लगभग तीन सौ परिवार ठहरे हुए हैं। उन्होंने बताया कि वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा संचालित इस शिविर में चावल का चूरा एवं मक्की की सतू बिहारी लोगों को दिया जा रहा है। क्षेत्र के मारवाड़ियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है।
गुलाबबाग में ही तेरापंथी युवक परिषद द्वारा लगाए गए शिविर में भी लगभग दौ सौ परिवार शरण लिए हुए हैं। यहां झूंझूंनू जिले के डा. देवीराम अग्रवाल द्वारा राजस्थान सेवा समिति के माध्यम से शिविर संचालित किया गया है।
पूर्णिया जिले के नजदीक दलखोला गांव में मारवाड़ी सम्मेलन के कार्यकर्ताओं द्वारा शिविर लगाकर बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन के पैकेट दिए जा रहे हैं। शिविरों में लगभग चार से पांच हजार राजस्थानी परिवार अब तक शरण ले चुके हैं।
तापड़ीया के अनुसार मुरलीगंज, बिहारीगंज एवं फारविसगंज, रानीगंज, मधेपुरा जिले के आलमनगर, चौसा, कुमार खंड, छातापुर प्रभावित इलाके हैं इनमें रहने वाले राजस्थानी पूर्णिया आ चुके हैं।
दरभंगा में चूरू की पिंकी गुप्ता से बात की तो उन्होंने बताया कि बिहार के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। हालांकि दरभंगा में बाढ़ की स्थिति नहीं है, लेकिन कटिहार व पूर्णिया क्षेत्रों में लोगों के हालात ठीक नहीं हैं।