बाड़मेर. प्रसिद्ध लोक देवता बाबा रामदेव की जन्मस्थली बाड़मेर जिले के रामदेरिया गांव में 4 करोड़ की लागत से रामदेव मंदिर का निर्माण कार्य जोरों से जारी है। इसे एक साल के भीतर पूर्ण करना प्रस्तावित है।
शिव तहसील की ग्राम पंचायत काश्मीर का रामदेरिया गांव जल्द ही बाड़मेर जिले का प्रमुख धार्मिक महत्व का पर्यटन स्थल बन जाएगा। बाबा रामदेव अवतार धाम मंदिर विकास संस्थान ने रामदेरिया गांव में बाबा का भव्य मंदिर बनवाने का बीड़ा उठाया है। संस्थान के सचिव खींयाराम चौधरी ने बताया कि वर्ष 2005-06 में शुरू हुआ मंदिर का निर्माण कार्य करीब 90 लाख रुपए की जनसहयोग राशि से जारी है।
रामदेवरा की तरह बन रहा है श्रद्धा का केन्द्र
जैसलमेर जिले में लोक देवता बाबा रामदेव के समाधि स्थल रामदेवरा की तरह बाड़मेर जिले के शिव तहसील स्थित बाबा की जन्मस्थली रामदेरिया में भी भारी संख्या में श्रद्धालुओं का हुजुम उमड़ रहा है। यहां पर वर्षो पुराना बाबा रामदेव का मंदिर बना हुआ है। यहां पर गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा सहित देश के कोने-कोने से लोग आ रहे है।
रामदेरिया गांव का इतिहास
रूणिचा गांव में लोकदेवता रामदेव ने समाधी ली थी। इस कारण रूणिचा नगरी दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। इन बाबा रामदेव का जन्म बाड़मेर जिले के रामदेरिया गांव स्थित ननिहाल में भादवा सुदी दूज सम्वत 1405 को हुआ था। इस कारण यह गांव लोगों की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है।