Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
दो बार के नेशनल अवार्ड विजेता मोहनलाल जल्द ही एक जापानी फिल्म ‘नायर सन’ में काम करने जा रहे हैं। सोने पर सुहागा यह कि इस फिल्म में उन्हें मार्शल आर्ट और एक्शन दृश्यों के शहंशाह जैकी चेन के साथ काम करने का मौका मिल रहा है।
फिल्म की कहानी भारतीय मूल के एक स्वाधीनता सेनानी अयप्पन पिल्लई माधवन नायर पर आधारित है। अयप्पन जापान में ‘नायर सन’ के नाम से लोकप्रिय थे।
तमिल पिता और मलयाली मां की संतान अयप्पन एशिया और देश के स्वाधीनता आंदोलन की जानीमानी हस्ती थे और उन्होंने ब्रिटिश सेना से जमकर लोहा लिया था। फिल्म ‘नायर सन’ से मोहनलाल बड़ी उम्मीद लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि जैकी चेन के साथ काम करना ही अपने आप में बड़ी बात है। मैं उनसे बहुत सारी चीजें सीखना चाहता हूं। वे कठिन से कठिन स्टंट सीन भी बेहद आसानी से कर लेते हैं। कॉमेडी सींस में भी उनकी टाइमिंग कमाल की है। हम जल्द ही फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाले हैं। यह फिल्म जापानी भाषा में बनाई जाने वाली है और बाद में इसे मलयालम में डब किया जाएगा।
तमिलनाडु के अल्बर्ट इस फिल्म को डायरेक्ट करने वाले हैं। शूटिंग में जापानी भाषा में डायलॉग्स बोलना मोहनलाल अपने लिए बड़ी चुनौती मानते हैं। उन्होंने कहा हालांकि मैं जापानी भाषा जानता हूं, लेकिन फर्राटेदार अंदाज में जापानी बोलना मेरे लिए बड़ी चुनौती है।
जैकी चेन जैसे पॉपुलर स्टार को केवल दर्शकों की बढ़ाने के लिए फिल्म में स्थान नहीं दिया गया है। फिल्म में उनका रोल पावरफुल है। उल्लेखनीय है कि जैकी इससे पहले ‘द मिथ’ में मल्लिका शेरावत के साथ काम कर चुके हैं।