भोपाल.रिटेल कंपनी वी मार्ट देश में विस्तार करते हुए अगले दो साल में 100 नए स्टोर खोलने की योजना बना रही है। इस कंपनी में हाल ही में आदित्य बिरला समूह ने 25 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है। वी मार्ट गारमेंट और फुटवियर की रिटेल कंपनी है। कंपनी के प्रबंध निदेशक ललित अग्रवाल ने बताया कि इस समय कंपनी के पूरे देश में 26 स्टोर हैं।
इस साल विस्तार योजना के तहत पंजाब में 7, गुजरात में 6, दिल्ली में 5 ,महाराष्ट्र में 2, हरियाणा में 1 और मध्यप्रदेश के भोपाल में 1 स्टोर खोलने का इरादा है।
श्री अग्रवाल के अनुसार कंपनी के फैशन स्टोर वी गेल्ज को ग्राहकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इसमें महिलाओं को ध्यान में रखते हुए फैशनेबल गारमेंट रखे गए हैं।
रियल एस्टेट के दाम और किराए में बढ़ोतरी के बाद वी मार्ट तीन शहरों भोपाल, दिल्ली और कोल्हापुर में आमदनी में हिस्सेदारी के आधार पर चलने वाले स्टोर ला रहा है। रिटेल और रियल एस्टेट के बीच साझेदारी के संबंध में श्री अग्रवाल ने बताया कि रिटेल स्टोर का जोखिम घटाने के लिए डेवलपर्स ऐसे प्रस्ताव ला रहे हैं।
आदित्य बिरला समूह द्वारा कंपनी में 25 फीसदी हिस्सेदारी लेने के संबंध में श्री अग्रवाल ने कहा कि इससे विस्तार योजना को तेजी से बढ़ाने में मदद मिलेगी। बिरला समूह से व्यावसायिक सलाह और समर्थन भी हासिल होगा।
कंपनी खास तौर पर महानगरों से हटकर टियर 2 और टियर 3 शहरों में स्टोर शुरू कर रही है। कंपनी ने 2007 में एक अरब रुपए का कारोबार किया है। इस साल उसको 50 फीसदी की वृद्धि की उम्मीद है।