bhaskar Web English
HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

म्हारो हेलो सुणो जी रामा पीर..

जैसलमेर. बाबा रामदेव का 624वां मेला सोमवार से शुरू होगा। इस मौके पर होने वाली आरती व पूजा-अर्चना के लिए मंदिर समिति ने पांच स्थानों पर क्लोज सर्किट टीवी लगाए हैं। अब तक 15 लाख श्रद्धालु बाबा की समाधि के दर्शन कर चुके हैं। आगामी 15 दिनों में 20-25 लाख और श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

भाद्रपद की द्वितीया से दशमी तक चलने वाले इस मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन ने पर्याप्त सुविधाएं जुटाने का दावा किया है, लेकिन जातरुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इंतजाम अभी से नाकाफी लगने लगे हैं।

रामदेवरा में बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वायड भी पहुंच चुका है। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े बंदोबस्त के बीच श्रद्धालुओं को बाबा की समाधि के दर्शन करवाने की व्यवस्था की गई है।

सात किमी लंबी कतारें
विधिवत रूप से मेला शुरू होने से एक दिन पहले रविवार को रामदेवरा कस्बे में लाखों श्रद्धालुओं का जमावड़ा लग गया। इससे मेले के लिए की गई लगभग सभी व्यवस्थाएं नाकाफी पड़ गई। कतारों में खड़े श्रद्धालुओं को पर्याप्त छाया-पानी सहित अन्य सुविधाएं मुहैया नहीं हो पाई।

हालात यह थे कि प्रशासन द्वारा घोषित मेला क्षेत्र से भी बाहर तक श्रद्धालुओं की कतारें पहुंच गईं। करीब सात किलोमीटर लंबी कतारों में श्रद्धालु बाबा की समाधि के दर्शनार्थ खड़े थे। यहां तक कि रेलवे लाइन पर खड़ी ट्रेनों के आर-पार भी कतारें लगती रहीं, मगर आने-जाने वाली ट्रेनों को श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक निकलने दिया। कतारों में खड़े श्रद्धालुओं की देर शाम तक दर्शनों की बारी नहीं आई थी।

इनका कहना है..
मेले में लम्बी-लम्बी कतारें लग जाने से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई थी। प्रशासन द्वारा सहायता विभाग से तत्काल चार टैंकरों की व्यवस्था कर दी गई है। आगामी दिनों में बढ़ने वाली संभावित भारी भीड़ को देखते हुए स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से पानी व छाया की पर्याप्त व्यवस्था कर दी जाएगी। वहीं कतारों में खड़े श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा की मोबाइल टीम भी लगा दी गई है।
- ओ.पी.विश्नोई, मेलाधिकारी एवं एसडीएम पोकरण





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: