जयपुर. पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू होने से सोमवार से राज्यभर में सरकारी कार्यालय सुबह 9:30 बजे खुल जाएंगे। शाम 6 बजे कर्मचारी-अधिकारी घर के लिए लौटेंगे।
सरकार ने शिक्षण संस्थाओं एवं अस्पतालों को छोड़कर अन्य सभी विभागों पर ये आदेश लागू कर दिए हैं। भोजन अवकाश का समय दोपहर 1:30 बजे से 2 बजे तक रहेगा। सप्ताह के प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को राजपत्रित अवकाश रहेगा।
सोमवार को पहला दिन होने के कारण सरकारी कर्मचारियों-अधिकारियों की दिनचर्या भी बदली-बदली होगी। जिन पर कार्य की अधिकता रहेगी, वे लोग अंधेरा होने पर ही घर लौट पाएंगे। उल्लेखनीय है कि फाइव डे वीक का निर्णय राज्य सरकार ने पहले ही ले लिया था। शनिवार को इसे एक सितंबर से लागू करने पर केबिनेट ने मुहर लगा दी थी।