News
Chhattisgarh
Raipur Raipur किरंदुल. नक्सलियों ने रविवार सुबह पौने 11 बजे साप्ताहिक बाजार में पुलिस जवान पर जानलेवा हमला कर उसकी एके-47 रायफल लूट ली। गंभीर रूप से घायल जवान को रायपुर रेफर किया गया है।
किरंदुल थाने में तैनात आरक्षक दिलीप सेठिया (26) बाजार खरीदी के लिए अकेले गया था। ग्रामीणों की वेशभूषा में घात लगाए बैठे आधा दर्जन नक्सलियों ने बाजार से लौट रहे दिलीप के करीब आते ही उस पर चाकू से हमला कर दिया।
घायल जवान के गिरते ही नक्सलियों ने उसकी एके 47 राइफल और 30 राउंड लूट लिए। जवान की बंदूक से ही नक्सलियों ने हवाई फायर किया। फायरिंग होते ही बाजार में भगदड़ मच गई। अफरा-तफरी का लाभ उठाकर नक्सली अलग-अलग दिशाओं में भाग गए। हमले में दिलीप की गर्दन और पेट में गहरे जख्म हो गए। गंभीर रूप से घायल दिलीप को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है।
दिलीप 1998 में किरंदुल थाने में गोपनीय सैनिक के रूप में भर्ती हुआ था और हाल ही में उसे पदोन्नति मिली थी। एसडीओ (पुलिस) विजय अग्रवाल ने बताया कि नक्सलियों की तलाश में पुलिस की टुकड़ियां आसपास के इलाकों में भेजी गई हैं।
दो नक्सली गिरफ्तार
जगदलपुर. दक्षिण बस्तर के पालनार इलाके में पुलिस ने शनिवार को दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से आईईडी बरामद किया गया है। एक गश्ती दल पालनार-जगरगुण्डा मार्ग पर गश्त पर निकला था। इसी दौरान कुछ लोग संदिग्ध अवस्था में दिखे। पुलिस ने पूछताछ की तो कुछ भाग निकले,मगर दो नक्सली मड़कामी भीमा और माड़वी कोसा पुलिस गिरफ्त में आ गए।