bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

छठवां वेतनमान यानी खजाना

रायपुर. छठवां वेतनमान लागू होते ही केंद्र के कर्मचारियों के यहां कुबेर का खजाना खुल जाएगा। प्यून से लेकर सेक्रेटरी तक की तनख्वाह पहले से दो-तीन गुना तक हो जाएगी। कर्मचारी संघों ने राज्य में इसी के अनुरूप कार्रवाई का निवेदन किया है।

भारत सरकार के वित्त मंत्रालय ने वेतनमान की अधिसूचना 29 अगस्त को राजपत्र में प्रकाशित कर दी। इसे सिविल सेवा (संशोधित वेतन) नियम 2008 कहा गया है। 50 पृष्ठ वाली इस अधिसूचना में वेतन फामरूले की गणना 1 जनवरी 2006 से की गई है।

तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांतीय प्रवक्ता विजय कुमार झा, जिला अध्यक्ष इदरीश खान व वीपी तिवारी ने बताया कि राज्य में भी यही वेतनमान लागू होगा। कर्मचारियों अपने मूल वेतन को 1.86 प्रतिशत से गुणा करने पर नया वेतन प्राप्त होगा। इसमें दर्शाए गए करस्पांडिंग ग्रेड-पे जोड़ने के बाद मूल वेतन निकल जाएगा।

उदाहरण के लिए चतुर्थ वर्ग कर्मचारी जिसका मूल वेतन वर्तमान में 2550 रुपए है। इसे 1.86 प्रतिशत से गुणा करने पर 4743 प्राप्त होगा। सूची में इसे 10 के पूर्णाक में माना जाएगा। यानि 4743 की जगह 4750 माना जाएगा। इसमें ग्रेड-पे 1300 जोड़ने के बाद 6050 रुपए प्राप्त होगा। यह उस कर्मचारी का मूल वेतन कहलाएगा। इसी तरह सहायक ग्रेड तीन कर्मचारी जिसका मूल वेतन में 3050 रुपए है। उसे 1.86 प्रतिशत से गुणा करने पर 5680 रुपए आएगा।

इसमें ग्रेड-पे 1900 रुपए जोड़ने पर उसका मूल वेतन 7580 रुपए हो जाएगा। सचिव स्तर के अधिकारियों के वेतन की गणना अलग तरीके से की गई है। ऐसे अधिकारी को फिक्स 26 से 30 हजार रुपए मिलते थे। अब उन्हें 80 से 90 हजार रुपए फिक्स मासिक वेतन मिलेगा। इस वेतनमान में हर साल तीन प्रतिशत वेतनवृद्धि होगी। रिटायरमेंट के बाद उन्हें 300 अवकाश के नगदीकरण का फायदा मिलेगा।

इसमें वेतन की औसत वृद्धि 21 प्रतिशत की दर से की गई है। कर्मचारियों को सेवाकाल के दौरान तीन पदोन्नति के अवसर भी मिलेंगे। उनके बच्चों को शिक्षा भत्ता भी मिल सकेगा। राज्य के अनुरुप वेतन निर्धारण में मंहगाई भत्ता, नगर क्षतिपूर्ति भत्ता, गृह भाड़ा भत्ता, वाहन और चिकित्सा भत्ता भी देय होगा। संघ के प्रांतीय अध्यक्ष पीआर यादव, कार्यकारी प्रांतीय अध्यक्ष सालिक सिंह ठाकुर, गजानंद मिश्रा, शेख जुम्मन व एनएम कुरैशी ने राजपत्र की प्रति मुख्यसचिव को सौंपकर इसी के अनुरुप राज्य में वेतनमान लागू करने की कार्यवाही करने का निवेदन किया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: