bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

सीएम के कार्यक्रम में पिस्टल

रायपुर. पुजारी पार्क में मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह एक फाउंडेशन के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए ही थे कि एक युवक स्थानीय पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को भेदते हुए पिस्टल लेकर भीतर घुस गया।

उसने पिस्टल पेंट में छिपा रखी थी। उसने पुलिस का सुरक्षा घेरा आसानी से पार कर लिया लेकिन सीएम सिक्योरिटी के एक अफसर को शक हो गया और युवक पकड़ा गया।

पिस्टल के साथ युवक को जैसे ही पकड़ा गया, सुरक्षा दस्ते में खलबली मच गई। कार्यक्रम में हंगामा न हो जाए, इसलिए उसे चुपचाप कार्यक्रम स्थल से बाहर निकाल लिया गया। बाहर लाते ही उसकी पिस्टल छीनी गई। हालांकि कुछ देर बाद पूछताछ शुरू हुई तो उसने पिस्टल का लाइसेंस दिखा दिया।

युवक का नाम पुष्पेंद्र उपाध्याय बताया गया है। लाइसेंसी पिस्टल होने की वजह से उसपर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। रायपुर एसपी अमित कुमार ने बताया कि युवक को फिलहाल समझाइश देकर छोड़ दिया गया। हथियार भी लौटा दिया गया, लेकिन जांच में जरूरत पड़ी तो उसे बुलाया जा सकता है। बताते हैं, युवक धर्मसेना से जुड़ा है।

सख्त इंतजाम की पोल
मुख्यमंत्री डा. सिंह के नक्सलियों की हिट लिस्ट में होने की वजह से केंद्र सरकार ने राज्य पुलिस को सुरक्षा के विशेष इंतजाम रखने की सख्त हिदायत दी है। इसके बाद सीएम सिक्योरिटी में जबर्दस्त तब्दीली भी की गई। इसकी कमान डीआईजी एडी गौतम को सौंपी गई है। उनके साथ चार एएसपी हर कार्यक्रम के दौरान सतत निगरानी रखे हुए हैं।

जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा की वजह से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के पहले संबंधित स्थल की गहन छानबीन की जाती है। कार्यक्रम स्थल पर फोर्स भी बढ़ा दी गई है। गेट पर मेटल डिटेक्टर लगाकर आने-जाने वालों पर कड़ी निगाह रखी जाती है। फिर भी सीएम के कार्यक्रम में पिस्टल लेकर युवक कैसे घुसा? यह बड़ा प्रश्न खड़ा हो गया है।

जिम्मेदारी तय होगी
घटना की सूचना मुख्यमंत्री को भी दे दी गई। बताते हैं कि डा. सिंह ने जाहिरी तौर पर इसे हल्के ढंग से लिया है। फिर भी, एक आला अफसर ने कहा कि पुलिस और सुरक्षा के नजरिए से मामला गंभीर है। यह पता लगाना जरूरी है कि पिस्टल लेकर युवक कार्यक्रम स्थल में कैसे पहुंच गया। यह लाइसेंसी है या नहीं, इसका पता तो बाद में चला।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: