News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. अनूपपुर जिले में शहर के दो युवकों की हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। क्राइम ब्रांच की मदद से एमपी पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार और वाहन जब्त कर लिया है।
मामले का एक आरोपी अब तक फरार है, उसकी तलाश की जा रही है। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते दोनों युवकों का मोपका के पास से अपहरण किया था। फिर उन्हें अनूपपुर ले जाकर हत्या कर दी गई थी।
कुदुदंड निवासी उमेश खरे और सन्नी सूर्यवंशी की लाश 18 अगस्त को क्रमश: राजेंद्रग्राम और अनूपपुर थाना क्षेत्र मे मिली थी। अनूपपुर पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। परिजन के बयान से पुलिस को पता चला कि कुदुदंड निवासी संजू त्रिपाठी पिता जयनारायण का तीन साल पहले उमेश, सन्नी और उनके मित्र से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर तीनों की जमकर पिटाई की थी। इतने से ही वह नहीं माना। उसने साथियों के साथ मिलकर उमेश और सन्नी के मित्र के घर हमला बोल दिया। उस समय युवक घर पर नहीं मिला, तो आरोपियांे ने उसके पिता को इतना मारा कि वह स्थायी रूप से विकलांग हो गया। इस दहशत में उमेश और सन्नी शहर छोड़कर भाग गए थे। उमेश एनटीपीसी, सीपत में सिक्यूरिटी गार्ड बन गया और सन्नी वहीं मजदूरी करने लगा। रक्षाबंधन पर उमेश घर आया था। उसके साथ सन्नी भी यहां आया था।
रक्षाबंधन के अगले दिन 17 अगस्त को दोपहर 3 बजे वे घर से सीपत वापस लौटने की बात कहकर निकले थे। 18 अगस्त को राजेंद्रग्राम पुलिस ने फोन पर उमेश के भाई सुरेश से संपर्क कर उसे वहां बुलवाया और लाशों की शिनाख्त करवाई।
परिजन के बयान के आधार पर अनूपपुर पुलिस ने बिलासपुर पुलिस से संपर्क किया। इस पर क्राइम ब्रांच के एसआई प्रभाकर तिवारी, एएसआई मुरलीधर जायसवाल, रमेश शर्मा, प्रधान आरक्षक विजय श्रीवास्तव, आरक्षक हेमंत सिंह, बलबीर सिंह, शोभित कैवत्र्य, अशोक कश्यप, जय साहू, जितेश सिंह, मनीष सिंह व चंद्रपाल खांडे ने अनूपपुर पुलिस को साथ लेकर संदेहियों के ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस ने संजू त्रिपाठी और उसके भाई कपिल को संदेह के आधार पर हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उन्होंने अपराध कबूल लिया। पुलिस ने संजू और कपिल के बयान के आधार पर श्यामलाल, राजू व मुकेश को भी गिरफ्तार कर लिया। मामले का एक अन्य आरोपी देवा अब भी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दोनांे कारों के साथ राड को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है।
मोपका से किया था अपहरण
पूछताछ में संजू व कपिल ने बताया कि कुदुदंड निवासी श्यामलाल सोनवानी, राजू जांगड़े, मुकेश व देवा के साथ वे वैगन आर और सेंट्रो कार में दोनों का पीछा करते हुए निकले। मोपका, पेट्रोल पंप के पास सूने रोड में मौका देखकर उन्होंने दोनों का अपहरण कर लिया।
उन्हें पीटते हुए वे अंबिकापुर होते हुए अनूपपुर ले गए। वहां वाहन से उतारकर दोनों की जमकर पिटाई की गई। राड के वार से दोनों की मौत हो गई। फिर आरोपियों ने उमेश की लाश को राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र और सन्नी के शव को अनूपपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बगरछुई मे फेंक दिया। पहचान छिपाने के लिए दोनों शवों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई थी।