Sports
Other Sports Other Sports
कातिल लुक के साथ कातिल पंच की बात की जाए तो सिर्फ एक ही नाम सामने आता है.. और वो है बीजिंग ओलंपिक से कांस्य पदक जीतकर लौटे विजेंद्र सिंह का। डीएनए के गौतम सेठ से हुई मुलाकात में विजेंद्र ने कहा कि उसे रिंग में विरोधियों की नाक तोड़ने में मजा आता है। विजेंद्र का कहना है कि अब एक ऐसी लड़की की तलाश में हूं जिसके साथ लंबी ड्राइव पर जा सकूं।
मैडल के बाद लाइफ में क्या बदलाव आया?
ज्यादा नहीं, लेकिन मुझसे अब लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। मेरे प्रशंसकों की संख्या बढ़ गई है। इंडियन बॉक्सिंग में मेरे आगे आने से बॉक्सिंग के प्रति मेरी जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। इन सभी बातों का ध्यान रखना पड़ रहा है। फोन कॉल्स और एसएमएस भी बहुत आने लगे हैं। विवाह प्रस्ताव की बाढ़ आ गई है। लेकिन इन सब चीजों के लिए अभी मेरे पास वक्त नहीं है। मैंने सभी से कह दिया है कि अगले ओलंपिक से पहले मैं इसके बारे में कुछ नहीं सोचूंगा।
बॉक्सिंग में कैसे आए ?
मेरा बड़ा भाई भी बॉक्सर था और इस खेल का मेरे ऊपर जादू सा हो गया था। लेकिन बॉक्सिंग में आने का असली कारण इससे अलग है। स्कूली समय में हमारे स्कूल के बॉक्सिंग के विद्यार्थियों को काफी सम्मान से देखा जाता था। वे सभी पर हुकुम चलाते थे और कई लड़के उनसे डरते भी थे। इतना सम्मान मिलते देख मैंने भी बॉक्सर बनने की सोची।
अपने मैडल कहां रखते हो ?
मैं हर समय मैडल को अपने करीब रखता हूं, यहां तक कि जब मैं सो भी रहा हूं। जब मैं बाथरूम में नहाने के लिए जाता हूं तो भी किसी को पता नहीं होता है कि मैडल को मैंने कहां छुपा दिया।
सवाल: पसंदीदा फिल्म कौन सी है?
जवाब: रॉकी मेरी सबसे पसंदीदा फिल्म है। मुझे खुद नहीं मालूम कि मैं इसे कितनी बार देख चुका हूं। चक दे इंडिया और टाइटैनिक भी काफी अच्छी फिल्म है।
सवाल: कोई गर्लफ्रैंड है?
जवाब: सच कहूं तो अभी तक कोई गर्लफ्रैंड नहीं है। लेकिन अब एक ऐसी लड़की की तलाश में हूं जिसको मैं लॉन्ग ड्राइव पर ले जा सकूं।
सवाल: कैसा म्यूजिक सुनते हो?
जवाब: मुझे पंजाबी म्यूजिक काफी अच्छा लगता है। रोमांटिक और उदासी भरे गीत पसंद हैं। कैलाश खेर को सुनना अच्छा लगता है।
सवाल: कौन सी बात आपको दुखी करती है?
जवाब: कपटी लोगों की बात को छोड़कर किसी की बात मुझे हर्ट नहीं करती।
सवाल: क्रिकेट के प्रति आपका क्या विचार है ?
जवाब: यह कहा जाता है कि क्रिकेट बाई चांस, हॉकी बाई स्किल और बॉक्सिंग बाई पावर गेम है। मैं यही कहता हूं कि क्रिकेट अपनी जगह है, लेकिन बॉक्सिंग में बहुत ज्यादा फिटनेस और पावर की जरूरत होती है।
सवाल: खाली समय में क्या करते हो ?
जवाब: दोस्तों के साथ बाहर घूमने जाता हूं। लेट नाइट पार्टियों में भी जाता हूं, लेकिन कभी-कभी। सिगरेट और शराब को तो मैं छूता तक नहीं हूं।