इंदौर.संतश्री आसारामजी गुरुकुल स्कूल, खंडवा रोड के प्राचार्य सुशांतसिंह के खिलाफ वहीं के छात्र की शिकायत पर भंवरकुआं थाने पर प्रकरण दर्ज किया गया है। छात्र के साथ परिजन ने भी अनेक संगीन आरोपों के साथ अभद्र व्यवहार व सामान जब्त कर टीसी नहीं देने की शिकायत की थी।
गौरव पिता जितेंद्रसिंह चौहान (12), खंडवा को इसी जुलाई में आसाराम बापू स्कूल और छात्रावास में भर्ती कराया था। कुछ दिन बाद ही उसने पिता को बताया सुबह चार बजे उठाकर ठंडे पानी से नहलाते हैं जबकि स्कूल सात बजे से लगता है।
कक्षा में पढ़ाई नहीं होती और नाश्ता के बजाय दोपहर 12 बजे भोजन ही देते हैं। वह भी कई बार समाप्त हो जाता है और बच्चे भूखे रह जाते हैं।
श्री चौहान ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया तो उन्होंने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। इसके बाद गौरव ने जमकर पिटाई की शिकायत की। परिजन ने पहले तो गौर नहीं किया, लेकिन जब स्कूल के समय में बच्चों को बाहर घूमते देखा तो उसे स्कूल से निकालने का मन बना लिया।
श्री चौहान व फूफा (स्थानीय अभिभावक) योगेंद्र पिता रामेश्वरसिंह निवासी कैलाश पार्क ने शुक्रवार को प्राचार्य से बात की तो उन्होंने कहा अप्रैल 09 तक की फीस जमा करने पर ही टीसी देंगे। हालांकि गौरव के दाखिले के समय ही अक्टूबर तक की फीस 15 हजार रुपए जमा की थी।
बची दो महीने की फीस भी वे छोड़ने को तैयार थे। आरोप है परिजन के ऐतराज पर स्कूल प्रबंधन ने गौरव का सामान जब्त कर अभद्र व्यवहार किया।
शिकायत दर्ज करने में भी हीले-हवाले योगेंद्र शनिवार को इसकी शिकायत करने भंवरकुआं थाने गए तो आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज के हंगामे का हवाला देकर टाल दिया। रात को फिर पहुंचे तो भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। सुबह 11.30 बजे उन्होंने टीआई ब्रजेश कुशवाह से मुलाकात की तब प्राचार्य के विरुद्ध प्रकरण दर्ज हो सका।
28 बच्चे ही रह गए
गौरव ने बताया शुरुआत में वहां 112 बच्चे थे, जो इन्हीं प्रताड़नाओं के चलते कम होते-होते 28 रह गए। इस कारण स्कूल की पूरी व्यवस्था ठप हो गई है। नियमानुसार फीस जमा करने का कहा था
29 अगस्त को गौरव के पिता टीसी के लिए आवेदन लेकर आए थे, तो उन्हें स्कूल के नियमों के मुताबिक पूरी फीस जमा करने का कहा गया था। पर जब वे नहीं माने तो हमने मैनेजमेंट से बात कर सोमवार तक टीसी देने की बात कही। बाकि सारे आरोप सरासर गलत हैं। गौरव के फूफा ही स्कूल में अभद्रता करके गए थे।
-सुशांत सिंह, प्राचार्य, संतश्री आसारामजी गुरुकुल