News
International International
पाकिस्तान में राष्ट्रपति पद के प्रमुख दावेदार आसिफ अली जरदारी के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर उठे सवालों पर बुश प्रशासन के अधिकारियों और एक वरिष्ठ रिपब्लिकन सांसद ने चिंता व्यक्त की है।
न्यूजवीक पत्रिका में छपी खबर के अनुसार बुश प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों ने कहा है कि जरदारी का मानसिक रूप से स्वस्थ होना बहुत जरूरी है क्योंकि उन्हें एक ऐसे इस्लामी मुल्क का सदर बनना है जिसके पास परमाणु हथियार है तथा जिनके कट्टरपंथियों के हाथों में चले जाने का खतरा लगातार बना हुआ है।
अमेरिकी कांग्रेस की खुफिया मामलों की समिति के अध्यक्ष एवं रिपब्लिकन सांसद पेटे होक्सट्रा कहा कहना है कि अमेरिका किसी ऐसे व्यक्ति को राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने का समर्थन नहीं कर सकता जो मानिसक रूप से स्वस्थ नहीं हो।
बुश प्रशासन के कई अधिकारियों ने अपनी पहचान गुप्त रखते हुए पत्रिका को बताया कि अमेरिकी सरकार को अभी जरदारी के मानसिक स्वास्थ्य के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है।
वहीं पाकिस्तान में कई लोगों का मानना है कि यह भ्रष्टाचार के मामलों से निजात पाने के लिए जरदारी की चाल है।
गौरतलब है कि हाल ही आईं मीडिया रिपोर्टो में कहा गया था कि जरदारी को पिछले वर्ष के अंत में मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित कई समस्याएं थीं। बाद में जरदारी के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा था कि जरदारी अपना इलाज करा चुके है और वह अब पूरी तरह स्वस्थ है।