भोपाल. गोविंदपुरा और मंडीदीप के उद्योगों सहित अन्य उच्च दाब उपभोक्ताओं की बिजली मीटर रीडिंग से संबंधित शिकायतें दूर होने की संभावना है। बिजली कंपनी अगले महीने से उच्च दाब उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग रिमोट सेंसिंग से करने जा रही है।
राजधानी में लगभग साढ़े तीन सौ उच्च दाब बिजली उपभोक्ता हैं। कंपनी 100 हार्स पावर क्षमता वाले उपभोक्ताओं को उच्च दाब उपभोक्ता मानती है। इनमें बड़े उद्योग और कुछ कार्यालय शामिल हैं। इनसे विद्युत वितरण कंपनी को हर साल करीब 170 करोड़ रुपए मिलते हैं। यदि इसमें मंडीदीप के उपभोक्ता जोड़ लिए जाएं तो यह आंकड़ा और बढ़ जाएगा। इनकी मीटर रीडिंग उपभोक्ताओं और कंपनी दोनों के लिए परेशानी का सबब बन गई थी।
साढ़े तीन सौ उपभोक्ताओं की रीडिंग में कंपनी को लगभग एक सप्ताह का समय लगता था और उसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों में चार वाहनों में कम से कम आठ कर्मचारी मौके पर जाते थे। कंपनी ने उच्च दाब उपभोक्ताओं के दो समूह बनाए हैं। इसके बावजूद मीटर रीडिंग और बिल तैयार करने में गड़बड़ी हो जाती थीं। शिकायतों से निबटने के लिए उच्च दाब उपभोक्ताओं की रीडिंग रिमोट सेंसिंग से करने की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पहले समूह के सभी उपभोक्ता रिमोट सेंसिंग से जोड़ दिए गए हैं। इन दिनों उसकी टेस्टिंग का काम चल रहा है। दूसरे समूह के उपभोक्ताओं को रिमोट सेंसिंग से जोड़ने का काम भी जल्द शुरू होने वाला है।
अमेरिकी कौंसुलेट जनरल की डीजीपी से भेंट: अमेरिका के मुंबई स्थित कोंसुलेट जनरल पाल ए फोम्सबी तथा उनकी राजनीतिक सचिव बेथ ब्राउंसन ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक एसके राउत से सौजन्य भेंट की।
कैसे होगी रीडिंग
पहले से लगे मीटरों में एक मोबाइल सिम और नेटवर्क के लिए एंटिना लगाया गया है। दफ्तर में बैठे हुए अधिकारी नंबर डायल करके मीटर रीडिंग ले सकेंगे। यह रीडिंग सीधे कम्प्यूटर में दर्ज हो जाएगी। इसका एक फायदा यह भी होगा कि मीटर से छेड़छाड़ करने या स्वीकृत लोड से अधिक का इस्तेमाल करने की जानकारी भी तत्काल मिल जाएगी।
उच्च दाब उपभोक्ताओं के पहले समूह की रीडिंग रिमोट सेंसिंग से करने की तैयारियां पूरी हो गई है। दस तारीख से होने वाली रीडिंग रिमोट सेंसिंग से ही होगी। दूसरे समूह की तैयारियां भी उनकी रीडिंग की तारीख (30 सितंबर) से पहले करने का प्रयास किया जा रहा है।
- एसए अंसारी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता (आईटी सेल), मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी