Sports
Other Sports Other Sports नई दिल्ली.
बीजिंग ओलिंपिक में देश के लिए पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले निशानेबाज अभिनव बिंद्रा स्वर्ण जीत कर भी खुद को हारा हुआ मानते हैं। बिंद्रा ने कहा, ‘निशानेबाजी ही मेरा जीवन है। पिछले 12 वर्षों से निशानेबाजी के अलावा जीवन में मैंने कुछ नहीं किया है।’
हालांकि, बिंद्रा ने माना कि खेल जीवन का एक भाग हो सकता है, पूरा जीवन नहीं। बिंद्रा के अनुसार जीवन में अन्य कई चीजें भी महत्वपूर्ण हैं, लेकिन वे अब तक इनका लुत्फ नहीं ले पाए हैं।
ओलिंपिक गौरव का मुश्किल सफर
अभिनव बिंद्रा ने कहा कि बीजिंग ओलिंपिक में सफलता हासिल करने का उनका सफर काफी मुश्किल भरा रहा, पर उन्होंने उम्मीद जाहिर की है कि बीजिंग ओलिंपिक में भारत के शानदार प्रदर्शन के कारण आने वाले एथलीटों के लिए अब पदक जीतना आसान हो जाएगा।
पढ़ने वाला बच्च था
बीबीसी के कार्यक्रम ‘एक मुलाकात’ में बिंद्रा ने कहा कि बचपन में उन्हें खेल से बहुत लगाव नहीं था, बल्कि वे तो पढ़ने वाले बच्चे थे। पर, निशानेबाजी से जुड़ने के बाद वे धीरे-धीरे पढ़ाई कम और खेल पर ज्यादा ध्यान देने लगे।
एथलीट का जीवन दिखताग्लैमरस है
बिंद्रा ने इस कार्यक्रम में कहा कि एक एथलीट का जीवन दूर से ग्लैमरस दिखता है कि वो खेलने यहां-वहां जा रहा है, पर मेरा मानना है कि एथलीट का जीवन मुश्किलों से भरा होता है। लोगों की अपेक्षाओं पर खरे उतरने का उस पर काफी दबाव होता है। इस दबाव को झेलना कोई हंसी-मजाक की बात नहीं है।
बाढ़ प्रभावितों के लिए बिंद्रा देंगे 5 लाख रुपए
चंडीगढ़. बीजिंग ओलिंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाले गोल्डन शूटर अभिनव बिंद्रा बिहार के बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए आगे आए हैं।
बिंद्रा अपनी ओर से बाढ़ प्रभावितों को 5 लाख रुपए की मदद देंगे। उनकी ओर से यह धनराशि बिहार मुख्यमंत्री राहत कोष में या प्रधानमंत्री प्राकृतिक आपदा कोष में जमा की जाएगी। अभिनव के पिता डा. एएस बिंद्रा ने बताया कि अभिनव इसे पहले भी गुजरात और जम्मू-कश्मीर के भूकंप पीड़ितों की मदद कर चुके हैं।