जयपुर. रणथंभौर अभयारण्य में एक बाघिन की मौत हो गई। उसकी मौत बाघों की आपसी भिड़ंत में होने की संभावना जताई गई है। मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक आरएन मेहरोत्रा ने बाघिन की मौत की पुष्टि की है।
इस मामले की जांच रणथंभौर के डीएफओ आर.एस.शेखावत को सौंपी गई है। मेहरोत्रा के अनुसार गुढ़ा इलाके में सोमवार शाम एक बाघ का क्षत-विक्षत शव पड़ा होने की जानकारी मिलने पर रणथंभौर अभयारण्य के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक तौर पर अनुमान लगाया गया है कि शव दो दिन पुराना है। करीब आठ-नौ साल की इस बाघिन का आधे से ज्यादा शव जानवर खा चुके थे।
पशु चिकित्सकों के दल से बाघिन के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। विसरा ले लिया गया है। मेहरोत्रा का कहना है कि नर एवं मादा की लड़ाई में बाघिन की मौत होने का अनुमान है। इसके अलावा किसी जहरीले कीट के काटने से भी उसकी मौत सकती है।