News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित तारें जमीं पर के विजेताओं को सोमवार को मेडिकल कालेज सभागृह में पुरस्कृत किया गया। यहां दुष्यंत कुमार स्मृति हीरक जयंती समारोह में विजेता कलाकारों को संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने पुरस्कार वितरण किया। विजेताओं को नकद व स्मृतिचिन्ह देकर पुरस्कृत किया गया।
विजेता इस अवसर पर अपने परिजनों के साथ आए थे। विजेताओं के अभिभावकों ने दैनिक भास्कर से कहा कि प्रतिभाओं को उभारने के लिए इस तरह के आयोजन राजधानी सहित विभिन्न शहरों में समय समय पर होने चाहिए। इसके अलावा तारे जमीं पर कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाने वाली 40 गैर सरकारी संस्थाओं को भी पुरस्कृत किया गया।
इस मौके पर श्री अग्रवाल ने कहा कि छोटे शहरों में अवसर बड़े हैं। हमेशा से ही पहचान प्रतिभा की होती है, जगह की नही। छत्तीसगढ़ के कलाकारों में अपार प्रतिभाएं व संभावनाएं हैं। जरूरत है तो बस एक मंच की, जिसे छत्तीसगढ़ संस्कृति विभाग दे रहा है।
भविष्य में इन नन्हें कलाकारों की प्रतिभा को और धार देने के लिए पेंटिंग कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। जिसमें देश के नामी-गिनामी कलाकार बच्चों को कला के गुर से अवगत कराएंगे। इससे उनके सुनहरे भविष्य को सही दशा व दिशा मिलेगी।
मौके पर तारे जमीं पर कार्यक्रम के आयोजक योगेश अग्रवाल, मुख्य अतिथि एसके मिश्रा व महादेव पाण्डेय समेत अन्य मौजूद रहे। दुष्यंत कुमार स्मृति हीरक जयंती के मौके पर गजल गायक पीनाज मसानी व चंदन दास द्वारा गजलों की सुमधुर प्रस्तुति दी। जिसका लुत्फ वहां मौजूद बड़ी संख्या में उपस्थित संगीत प्रेमियों ने उठाया।