फतेहगढ़ साहिब. पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने सोमवार को मीनार-ए-इक ओंकार राष्ट्र को समर्पित करने और श्री गुरु ग्रंथ साहिब वल्र्ड यूनिवर्सिटी का शिलान्यास करने के बाद दावा किया कि एसजीपीसी द्वारा बनाई जा रही यह यूनिवर्सिटी दुनिया की सबसे बेहतर और आधुनिक होगी।
यह यूनिवर्सिटी न केवल सिख धर्म से अन्य धर्मो का तुलनात्मक अध्ययन करवाएगी बल्कि कम्प्यूटर, नैनो टैक्नोलॉजी और बिजनैस प्रबंध की पढ़ाई भी करवाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित मुल्कों की उन्नति का आधार शिक्षा ही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने यूनिवर्सिटी एक्ट पारित कर दिया है और सितम्बर 2009 तक इसका पहला सत्र शुरू हो जाएगा।
यूनिवर्सिटी के नाम में से सिख शब्द हटाए जाने संबंधी उठ रहे शंकाओं के बारे बादल ने कहा सिख तो सरबत का भला मानने वाली कौम है, इसलिए वह जो कुछ भी करते हैं सरबत के लिए करते हैं।
सुखबीर बादल ने कहा कि जो राज्य शिक्षा को प्राथमिकता नहीं देते, वे पिछड़ जाते हैं। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान अवतार सिंह मक्कड़ ने बताया कि इस यूनिवर्सिटी पर 450 करोड़ रुपए खर्च आएंगे। उन्होंने देश-विदेश में बैठे सभी सिखों से इसमें सहयोग देने की अपील की।
यूनिवर्सिटी के वीसी जसबीर सिंह आहलूवालिया और अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह ने भी कौम को संदेश दिया। इस अवसर पर सांसद सुखदेव सिंह, भाजपा के प्रदेश प्रधान राजिंदर भंडारी, मनोरंजन कालिया, तोता ंिसंह और ईसाई तथा मुस्लिम समुदाय के धार्मिक नेता भी मौजूद थे।