लंबी (मुक्तसर). पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य में चुनाव अभियान समिति के प्रभारी कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ऐलान किया है कि कांग्रेसी वर्करों के ऊपर ‘अकाली हुकूमत के अत्याचार’ सहन नहीं किए जाएंगे और किसी वर्कर या नेता के खिलाफ अब एक भी झूठा केस दर्ज किया गया तो सरकारी तंत्र और पुलिस से निपटा जाएगा।
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के विधानसभा क्षेत्र लंबी में सोमवार रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘ऐसी स्थिति आने पर मैं थाने के आगे खुद धरना दूंगा।’
कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने के लिए आयोजित रैली में वरिष्ठ नेताओं की उम्मीद से 25-30 प्रतिशत ज्यादा हाजरी देखने को मिली। कैप्टन ने जोरदार शब्दों में कहा कि जिला परिषद और ग्राम पंचायत चुनावों में कांग्रेसियों की हत्याएं हुई हैं। छह हजार से ज्यादा कांग्रेसियों पर झूठे आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। कांग्रेस सत्ता में आने के बाद इन सब का गिन-गिन कर बदला लेगी।
बाप-बेटे दोनों झूठे
स्टेज पर आते ही कैप्टन ने मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल को घेरते हुए कहा कि बाप-बेटा झूठे हैं। राज्य सरकार बाढ़ की विभीषिका के बाद प्राकृतिक आपदा फंड के उपयोग को लेकर उनके ऊपर झूठा आरोप लगा रही है। राज्य को मैट्रो राज्य बनाने के दावे भी खोखले हैं। राज्य बिजली संकट से जूझ रहा है और मंगलवार को शिअद की रैली का खर्च बिजली बोर्ड वहन कर रहा है।
राज्य और कर्जदार हुआ
कैप्टन ने कहा कि बादल सरकार ने पंजाब को कर्जदार बना दिया है। अकेले बिजली बोर्ड पर १२क्क्क् करोड़ का कर्जा है। ऐसे में नए थर्मल प्लांट लगा कर सरकार उसे और कर्जदार बना रही है।
उद्योगों को भगाया
कैप्टन ने कहा कि उन्होंने प्रयास कर राज्य में 1.50 लाख करोड़ की इंडस्ट्रीज स्थापित करवाई थी, लेकिन बादल राज ने उद्योगपतियों को कारखाने बंद करने को मजबूर कर दिया।
ग्रांट का दुरुपयोग
कैप्टन ने कहा कि किसानों की हमदर्द होने का दम भरने वाली बादल सरकार बठिंडा में इंटरनैशनल क्रिकेट स्टेडियम एग्रीकलचर लैंड पर बना रही है। इसी तरह बादल ने बठिंडा के किले के लिए आई 1.50 करोड़ की ग्रांट को अपने गांव की शूटिंग रेंज में लगा दिया।
अंबिका सोनी दंग
केंद्रीय पर्यटन व सांस्कृतिक मंत्री अंबिका सोनी रैली में कैप्टन का क्रेज देख कर दंग रह गईं।
एकजुटता का प्रदर्शन
कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान महिंदर सिंह केपी ने कहा कि अकालियों को जल्द ही उनके हश्र तक पहुंचा दिया जाएगा। केपी ने कहा कि कांग्रेस वन मैन शो नहीं है। सभी कांग्रेसी एकजुट हैं। वहीं विपक्ष की नेता राजिंदर कौर भट्ठल ने कहा कि लोकसभा चुनावों में अकालियों को करारी शिकस्त दी जाएगी।
‘पंजाब की आवाज’ के नाम से मशहूर जगमीत बराड़ ने अकालियों को मजा चखाने का दावा ठोंकते हुए कहा कि वह कैप्टन के साथ हैं। रैली में विधायक जीत महिंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह कांगड़, तेज प्रकाश सिंह, अवतार सिंह बराड़,गुरदीप सिंह भैणी,अजायब सिंह भट्टी,कामरेड मक्खन सिंह, कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रणइंदर सिंह,पीपीसीसी सचिव टहल सिंह संधू भी उपस्थित थे।
पत्रकारों के साथ धक्का-मुक्की
पत्रकार गौरव सुखीजा व ओमकार कारी के साथ कांग्रेसियों ने धक्का मुक्की की। पत्रकार जब कैप्टन की स्टेज के पार जाने लगे तो वहां उपस्थित कांग्रेसियों ने उन्हें धक्के मारे। इस बात को लेकर पत्रकारों में आक्रोश उत्पन्न हो गया।