अमृतसर.
सोमवार को शाहरुख खान अमृतसर में थे। ‘रब्ब ने बना दी जोड़ी’ की शूटिंग के सिलसिले में शाहरुख खान अमृतसर में। मालूम हो पिछले चार दिन से यश चोपड़ा शहर में हैं। उन्होंने शूटिंग के लिए लोकेशन देखीं।
किंग खान का इंतजार अमृतसर के लोग पिछले दो दिनों से कर रहे थे, लेकिन जब सोमवार शाम 7.40 मिनट पर वह अमृतसर पहुंचे तो होटल में उनकी एंट्री किसी फिल्म के सीन से कम नहीं थी।
प्रशंसक उनका होटल के मेन गेट पर ही इंतजार करते रहे, लेकिन वह उन्हें चकमा देते हुए पिछले गेट से होटल में एंटर हो गए। हालांकि इसके बाद उन्होंने होटल के अंदर अपने प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया और मीडिया को फोटोग्राफ खिंचवाई।
अलग अंदाज में हुई इंट्री
लोगों का इंतजार सोमवार को खत्म हुआ, और उनके प्रशंसकों की धड़कनें उस समय थम गईं जब किंग खान का होटल एमके में आगमन हुआ। आखिरकार होटल में उनकी एंट्री भी जबर्दस्त तरीके से फिल्मी अंदाज में हुई। कुछ देर के लिए तो ऐसा लगा कि यह हकीकत नहीं, बल्कि किसी फिल्म का सीन हो।
आखिकार डॉन एक बार फिर लोगों को चकमा देकर पिछले दरवाजे से होटल में पहुंचे। होटल में पहुंचने पर वे प्रशंसकों से घिर गए और वहां पर उपस्थित लोगों को अपने आटोग्राफ देने लगे। हर बार की तरह इस बार भी यश चोपड़ा अपनी फिल्म को पंजाबी रंग में रंग देना चाहते हैं।
यशराज बैनर की फिल्म ‘रब ने बना दी जोड़ी’ की शूटिंग के सिलसिले में अमृतसर पहुंचे शाहरुख खान मंगलवार से फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हो जाएंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वे श्री दरबार साहिब, अटारी बार्डर और वल्ला मंडी में होने वाली शूटिंग में हिस्सा लेंगे। वहीं अभिनेत्री रानी मुखर्जी, अनुपम खेर और राखी भी अन्य फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में अमृतसर पहुंचने वाले हैं।
समझ जाओ पर बोलूंगा नहीं..
पिछले दो दिनों से शहर में दिखाई दे रहे प्रसिद्ध डायरेक्टर यश चोपड़ा सोमवार को भी काफी बिजी नजर आए। ज्यादा पूछने पर बस एक ही जवाब मिलता है कि निजी काम से आया हूं। लेकिन सोमवार शाम को उनकी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में शाहरुख खान ने होटल एमके में आकर खुद-ब-खुद सारे राज का पर्दाफाश कर दिया। सोमवार को उनके बेटे उदय चोपड़ा ने भी अमृतसर पहुंचकर पिता के कामों में हाथ बंटाया। जानकारी के अनुसार वे अपने पिता द्वारा शूटिंग के लिए चयन की गई साइट्स को भी देखने गए।