गोराया. रुड़का कलां में दूध की फैक्ट्री में बिना लाइसैंस फ्रोजन मीट पैक करने के धंधे का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया।
इससे पहले शिवसैनिकों ने फैक्ट्री में गाय का मांस होने की शंका व्यक्त करते हुए विभिन्न हिंदू संगठनों के साथ मिलकर प्रदर्शन करते हुए ट्रैफिक जाम किया। गोराया पुलिस ने फैक्ट्री के प्लांट इंचार्ज गुरविंदर सिंह व कंपनी के डायरैक्टर गुरप्रीत चट्ठा को गिरफ्तार कर लिया।
कंटेनर से करीब 14 टन कच्च मांस भी कब्जे में ले लिया, जो 8 लाख का बताया जाता है। वहीं, फैक्टरी के प्लांट इंचार्ज गुरविंदर सिंह ने बताया कि फैक्टरी लीज़ पर है और इसमें चट्ठा फूड प्रोडक्ट्स द्वारा जीरकपुर से आ रहे फ्रोज़न मीट की पैकिंग का काम किया जाता है। उनकी कंपनी के पास लाइसैंस है, हालांकि जो कागज़ात दिखाए गए वो जीरकपुर इलाके के थे।
पुलिस कर्मी इकबाल सिंह, राजकुमार, जोगिंदर पाल ने फैक्ट्री में छापा मारा था। मामले का पता चलते ही शिव सेना बाल ठाकरे के रजिंदर बिल्ला व अशोक सहित दर्जनों लोगों ने सैंपलिंग की मांग की।
एसडीएम फिल्लौर प्रीतम सिंह ने सैंपलिंग के लिए एसएमओ बड़ा पिंड को कहा, लेकिन उन्होंने इसे वैटनरी विभाग का मामला बताया। वैटनरी विभाग के डॉ. जेतली ने भी सैंपल लेने से मना कर दिया। इस बात से गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन करते हुए बड़ापिंड रोड पर जाम लगाया। मामला डीसी के ध्यान में आते ही उन्होंने सैंपलिंग के लिए डॉक्टरों की विशेष टीम भेजी, जिन्होंने सैंपल लिए।