Sports
Other Sports Other Sports बिल्बाओ (स्पेन)
बिल्बाओ ग्रैंड स्लैम शतरंज के पहले दौर में विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद का सामना विश्व शतरंज रैंकिंग में चौथे नंबर के वेस्ली इवांचुक(यूक्रेन) से होगा। अगले महीने विश्व चैंपियनशिप मैच में रूस के वलादिमीर क्रामनिक से भिड़ने से पहले सोमवार को शुरु हुए इस टूर्नामेंट में आनंद की कड़ी परीक्षा होगी। क्रामनिक के साथ बहुप्रतीक्षित मैच से पहले इस टूर्नामेंट में आनंद की कोशिश अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को बरकरार रखने की होगी।
दूसरी ओर, क्रामनिक को पछाड़ कर हाल में ताल मेमोरियल टूर्नामेंट जीतने वाले इवांचुक इन दिनों शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। अनाधिकृत ताजा रैंकिंग में आनंद से मात्र 11 अंक पीछे रहते हुए इवांचुक 2787 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बताए गए हैं। ताज मेमोरियल के अतिरिक्त हाल-फिलहाल में इवांचुक ब्लिट्ज टूर्नामेंट जीतने में भी सफल रहे हैं।
काल्र्सन भी हैं ताज के दावेदार :
इवांचुक के अतिरिक्त नार्वे के मैग्नस काल्र्सन भी इस अनाधिकृत रैंकिंग में 2787 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर बताए जा रहे हैं। इवांचुक और काल्र्सन दोनों नंबर एक की कुर्सी के दावेदार माने जा रहे हैं। यह देखते हुए इस खेल के पंडितों का मानना है कि टूर्नामेंट के रोचक होने की संभावना जता रहे हैं।राद्जाबोव का मुकाबला टोपालोव से:
इस टूर्नामेंट के पहले दौर के अन्य मुकाबलों में काल्र्सन का सामना लेवोन एरोनियन से और बुल्गारिया के पूर्व विश्व चैंपियन वेसेलिन टोपोलोव का मुकाबला तेईमोर राद्जाबोव से होगा।
विजेता को मिलेंगे 90 लाख रुपए :
इस ग्रैंड स्लैम शतरंज टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के लिए 2 करोड़ 40 लाख रुपए का इनाम रखा गया है। टूर्नामेंट के विजेता को मिलेंगे लगभग 90 लाख रुपए।
स्कोरिंग प्रणाली में फेरबदल :
प्रायोगिक रूप से शुरु की जा रही स्कोरिंग की नई प्रणाली के चलते इस टूर्नामेंट के बारे में पहले से कुछ भी अनुमान लगाना मुश्किल है। नई प्रणली के तहत मैच विजेता को 3 अंक और ड्रॉ खेलने पर दोनों खिलाड़ियों को 1-1 अंक दिए जाएंगे। इसका मतलब स्पष्ट है कि दो ड्रॉ एक जीत के बराबर नहीं होगी। जबकि, क्लासिकल टूर्नामेंट में अक्सर ऐसा होता है।