Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई.
ऐश्वर्या और अभिषेक बच्चन के जिन प्रशंसकों को इन दोनों के फिल्म ‘अभिमान’ की रीमेक में काम करने का लंबे समय से इंतजार था, उनका इंतजार अब खत्म होने वाला है क्योंकि ये दोनों राजीव मेनन की अगली फिल्म में काम करने को तैयार हो गए हैं।
फिल्म में ऐश-अभि दोनों गायक पति-पत्नी की भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म की शूटिंग अगले साल फरवरी में शुरू होगी और इसमें एआर रहमान संगीत देंगे।
राजीव के साथ अभिषेक की पहली फिल्म सूत्रों के मुताबिक राजीव काफी लंबे समय से ऐश और अभिषेक के साथ फिल्म बनाने की तैयारी कर रहे थे। जब उन्होंने इन दोनों को इसकी कहानी सुनाई तो वे झट से इसमें काम करने को तैयार हो गए। ऐश्वर्या ने तो मेनन को फिल्म की डेट्स भी दे दी हैं। फिलहाल ऐश-अभि मणिरत्नम की फिल्म ‘रावण’ में काम कर रहे हैं। इसके बाद ही मेनन की फिल्म की शूटिंग शुरू होगी।
यह अभिषेक की मेनन के साथ पहली फिल्म होगी जबकि ऐश्वर्या इससे पहले उनके साथ ‘कंदुकोंदियान कंदुकोंदियान’ में काम कर चुकी हैं।
जब मेनन से उनकी नई फिल्म में ऐश-अभि को लेने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने फिल्म की कहानी के बारे में ज्यादा कुछ बताने की बजाय सिर्फ इतना कहा कि वह ऐश-अभि के साथ फिल्म बना रहे हैं, जिसकी शूटिंग अगले साल शुरू होगी।
जया की पसंद थे शाहरुख और काजोल
मालूम हो कि ऋषिकेश मुखर्जी की ‘अभिमान’ बहुत बड़ी हिट रही थी और इसे बिग बी के करियर की बेहतरीन फिल्मों में शामिल किया जाता है।
खुद जया बच्चन ने भी करण जौहर के शो ‘कॉफी विद करण’ में कहा था कि अगर ‘अभिमान’ की रीमेक बनी या उसी कहानी पर कोई फिल्म बनी तो वह चाहेंगी कि इसमें शाहरुख खान और काजोल काम करें क्योंकि उनके मुताबिक जो रोल उन्होंने और अमिताभ ने ‘अभिमान’ में निभाया था, वैसा जादू स्क्रीन पर शाहरुख-काजोल की जोड़ी ही चला सकती है। अब देखना यह है कि ऐश-अभि वैसा जादू चला पाते हैं या नहीं।