भोपाल. बरकतउल्ला विश्वविद्यालय ने सेमेस्टर परीक्षाओं की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए परीक्षा केंद्र बनाए जाने वाले कॉलेजों का निरीक्षण भी शुरू कर दिया गया है। इस बार कुछ नए परीक्षा केंद्र बनाए जाने का फैसला किया गया है, जिसमें निजी कॉलेजों को भी शामिल किया जा रहा है।
परीक्षा केंद्र बनाए जाने के इच्छुक कॉलेजों से आवेदन मंगाए गए हैं। विश्वविद्यालय की परीक्षाएं आयोजित करवाने के लिए 30 निजी कॉलेजों ने रुचि दिखाई थी। इनके निरीक्षण के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है।
16 कॉलेजों का निरीक्षण हुआ
कमेटी में पूर्व आईएएस मोती सिंह, प्रो. राजपाल सिंह और नासिर अली शामिल हैं। यह कमेटी परीक्षा केंद्र बनाए जाने वाले कॉलेजों का क्षेत्र, अधोसंरचना, भवन, स्थान, फर्नीचर और स्टॉफ आदि का निरीक्षण कर रही है। कमेटी निरीक्षण के दौरान इसका भी ध्यान रख रही है कि संबंधित कॉलेज के आस-पास अन्य कॉलेज कितने हैं, जिन्हें इस केंद्र पर परीक्षाओं में शामिल किया जा सकेगा।
कमेटी ने अब तक 16 कॉलेजों का निरीक्षण कर लिया है। कमेटी सदस्य राजपाल सिंह ने बताया कि कमेटी हर बिंदु का बारीकी से परीक्षण कर रही है, जिससे परीक्षा के समय छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो। विवि ने कमेटी को 30 सितंबर तक रिपोर्ट देने के लिए कहा है। रिपोर्ट में की गई अनुशंसाओं के आधार पर कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा।