Business
Personal Finance Personal Finance मुंबई.
क्या आप फिक्स्ड डिपाजिट (एफडी) में निवेश करना चाहते हैं? तो एफडी में निवेश करने का यह सही समय है। एफडी पर प्राप्त होने वाले ब्याज की दर इस समय 9.5 से 10.50 फीसदी के दायरे में पहुंच गई है। 400 दिन की एफडी में निवेश करते हैं तो आपको अधिकतम ब्याज मिल सकता है।
डीएनए/भास्कर द्वारा 20 बैंकों पर किए गए अध्ययन में पता लगा कि पांच बैंक (एबीएन एमरो, बैंक आफ बड़ौदा, बैंक आफ इंडिया, डेवलपमेंट क्रेडिट बैंक और इंडस इंड बैंक) ऐसे हैं, जो 400 दिन की एफडी पर अन्य परिपक्वता अवधि वाली एफडी की तुलना में अधिक ब्याज की पेशकश कर रहे हैं।
एबीएन एमरो बैंक जहां 400 दिन की एफडी पर 10.25 फीसदी ब्याज की पेशकश कर रहा है, वहीं दूसरे चार बैंकों में समान अवधि की एफडी पर ब्याज की दर 10 फीसदी है। चार सौ दिन की एफडी इसलिए भी बेहतर है कि 400 दिन के करीब अवधि वाली एफडी पर कम ब्याज है। जैसे, एबीएन एमरो बैंक 399 दिन की एफडी पर 9.75 फीसदी ब्याज दे रहा है लेकिन 401 दिन की एफडी पर 9.50 फीसदी है।
आईसीआईसीआई बैंक 390 दिन की एफडी पर 10 फीसदी ब्याज की पेशकश कर रहा है। यूनियन बैंक में 10 फीसदी ब्याज की पेशकश 444 दिन की परिपक्वता अवधि वाली एफडी पर कर रहा है। एचडीएफसी बैंक 10 फीसदी ब्याज की पेशकश 1 वर्ष 15 दिन से 1 वर्ष 16 दिन की एफडी पर कर रहा है। कोटक महिंद्रा द्वारा 390 दिन की एफडी पर 10.12 फीसदी ब्याज की पेशकश की जा रही है।
अन्य बैंक खास परिपक्वता अवधि की एफडी पर जोर न देते हुए सभी एफडी पर ऊंची ब्याज दरों की पेशकश कर रहे हैं। भारतीय स्टेट बैंक एक साल और दो साल से कम अवधि की एफडी पर 10 फीसदी ब्याज की पेशकश कर रहा है। ऐसे कई बैंक हैं जो तीन साल से ज्यादा अवधि वाली एफडी पर 9-10 फीसदी ब्याज की पेशकश कर रहे हैं।