जयपुर.
बीएसटीसी के समकक्ष दर्जा देने की मांग को लेकर शिक्षा संकुल के बाहर मंगलवार को प्रदर्शन कर रहे नर्सरी टीचर ट्रेनिंग (एनटीटी) कर रही छात्राओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसमें 19 छात्राओं सहित 26 लोग घायल हो गए।
विरोध में छात्रों ने पथराव कर किया, जिससे चार पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए। पुलिस ने छात्राओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस दौरान कई छात्राएं घायल हो गईं। इस पर प्रदर्शनकारी भड़क गए और उन्होंने पुलिस पर पथराव कर दिया। जेएलएन मार्ग की सड़क पर आधा दर्जन युवतियां बेहोश पड़ी थीं और दर्द से कराह रही थीं।
पुलिस प्रशासन के अधिकारी लाठीचार्ज के दौरान मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने घायल छात्राओं को अस्पताल पहुंचाने की जरूरत नहीं समझी। बाद में अन्य प्रदर्शनकारियों ने घायल छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया। दोपहर 12:15 बजे से लगा जाम रात 11 बजे तक जारी रहा।
प्रदर्शनकारी अपनी मांगों का समाधान और शिक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने पर अड़े हुए थे। इस दौरान वाहन चालक कभी राज्य सरकार को कोसते तो कभी छात्राओं से उलझते नजर आए। प्रदर्शनकारियों के कारण जेएलएन मार्ग का एक हिस्सा शहर से कट गया।
देर रात तक इस मार्ग के वाहनों को महावीर उद्यान के पास स्थित रास्ते से निकाला जा रहा था। गांधी सर्किल से मालवीय नगर पुलिया तक लोगों को इसी रास्ते से निकलना पड़ रहा था। मालवीय नगर से गांधी सर्किल जाने वाले वाहनों को झालाना की ओर से निकाला गया।