जयपुर. राज्य के फिल्म व्यवसायियों (फिल्म वितरकों एवं प्रदर्शकों) की मंगलवार को जेएलएन मार्ग स्थित फिल्म भवन में आवश्यक बैठक हुई।
इसमें फिल्म व्यवसायियों पर बिना किसी अधिसूचना के गैर कानूनी तरीके से आरवैट लागू करने के विरोध में 5 सितंबर से प्रदेशभर के सिनेमाघरों और फिल्म वितरण कार्यालयों को अनिश्चितकाल तक बंद रखने का निर्णय किया गया।
सेंट्रल सर्किट सिने एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष सिंह जैन ने बताया कि देश में केवल राजस्थान ही ऐसा राज्य है, जहां आरवैट लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री बिक्रीकर के रूप में पहले ही 50 से भी ज्यादा वर्ष से एंटरटेनमेंट टैक्स चुकाती आ रही है। ऐसे में इंडस्ट्री पर आर वैट लगाना अवैध भी है। बैठक में यह भी निर्णय किया गया कि 8 सितंबर को रैली निकाल कर धरना दिया जाएगा।
इस दौरान सभी जिला मुख्यालयों पर कलेक्टरों को व जयपुर में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और राज्यपाल एस.के. सिंह को ज्ञापन दिए जाएंगे।
इस हफ्ते नई रिलीज पर संकट : शुक्रवार को नई फिल्मों के रिलीज होने का इंतजार कर रहे जयपुर वासियों को शायद इस बार कोई फिल्म देखने का मौका नहीं मिले।
कपड़े धोने के साबुन वैट से मुक्त
राज्य सरकार ने एक आदेश जारी कर 50 रुपए प्रति किलोग्राम तक के तेलयुक्त कपड़े धोने के साबुन को वैट से मुक्त कर दिया है। इसके लिए वैट नियमों में संशोधन किया गया है।
वित्त विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि इसमें केक, पाउडर और तरल डिटरजेंट सोप शामिल नहीं होंगे। इस आदेश का लाभ केवल तेल से बने 50 रुपए तक अधिकतम खुदरा मूल्य वाले साबुनों पर ही मिलेगा।