News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. सिम्स में अब जींस टी शर्ट या मनमाफिक परिधान नहीं चलेगा। सिम्स प्रशासन ने विद्यार्थियों की स्मार्टनेस बढ़ाने व उनमें एकरूपता लाने के लिए ड्रेस कोड लागू करने का निर्णय लिया।
विद्यार्थियों के जींस, टी शर्ट, सेंडिल, चप्पल पहनकर कालेज आने को लेकर सिम्स प्रभारी डीन शुरू से ही नाराज चल रहे हैं। सिम्स के विद्यार्थियों को स्मार्ट बनाने व उनमें एकरूपता लाने के लिए डीन ने अब ड्रेस कोड लागू करने का निर्णय लिया है। ताकि विद्यार्थियों को सहजता से पहचाना जा सके साथ ही वे एकजैसे दिख सकें।
कालेज में अनुशासन व एकरूपता बनाए रखने के लिए ड्रेस के कलर को लेकर अभी चर्चा चल रही है। बताया जाता है कि लडकों के लिए हल्के खाकी कलर के पेंट, शर्ट मेहरुन कलर की टाई व काला जूता, मोजा व सीने पर अपने नाम का बैच व सफेद एप्रान पहनाने पर सहमति बनी है। वहीं लड़कियों के लिए हल्के खाकी कलर की सलवार सूट, मेहरुन कलर के दुपट्टे तथा काले जूते, मोजे व सफेद एप्रान तय किए गए हैं।
सिम्स के प्रभारी डीन डा.एसके मोहंती ने बताया कि एमबीबीएस प्रथम वर्ष के प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों के लिए ड्रेस कोड लागू की जाएगी। इसके बाद विद्यार्थियों को ड्रेस कोड देखकर ही कालेज में प्रवेश दिया जाएगा।
इसके अलावा विद्यार्थियों की निश्चित पहचान के लिए विद्यार्थियों की कमीज पर सेमेस्टर के आधार पर क्रास का चिन्ह लगाया जाएगा। एक सेमेस्टर होने पर एक क्रास व ९ वें सेमेस्टर के विद्यार्थियों के कमीज पर ९ क्रास लगाया जाना अनिवार्य किया जाएगा। जिससे एक बार में पहचाना जा सके कि कौन विद्यार्थी किस सेमेस्टर का है।