bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

शिक्षाशास्त्री भी कर सकेंगे थर्ड ग्रेड टीचर के लिए आवेदन

अजमेर. संस्कृत शिक्षा विभाग में संस्कृत व सामान्य शिक्षकों के पदों पर भर्ती परीक्षा के लिए शैक्षणिक योग्यता को लेकर संशय समाप्त हो गया है। बीएड और शिक्षा शास्त्री योग्यताधारी भी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। सरकार ने इन अभ्यर्थियों को भी परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन भरने की अनुमति दे दी है।

कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब राजस्थान लोक सेवा आयोग ने भी मंगलवार को जरूरी संशोधन जारी कर दिए। आवेदन आमंत्रित करने की अंतिम तारीख पहले ही बढ़ा चुका है। प्राथमिक विद्यालयों में अध्यापक ग्रेड थर्ड के अभ्यर्थी के लिए वरिष्ठ उपाध्याय या संस्कृत माध्यम से समतुल्य पारंपरिक संस्कृत परीक्षा और दो वर्ष से अन्यून अवधि का मूल अध्यापक प्रशिक्षण में डिप्लोमा या प्रमाण पत्र धारक भी आवेदन कर सकेंगे।

प्रारंभिक शिक्षा स्नातक (बीईएलएड) भी पात्र होंगे। उच्च प्राथमिक संस्कृत विद्यालय के रिक्त पदों पर भर्ती किए जाने वाले अध्यापक ग्रेड थर्ड के लिए स्नातक सहित शिक्षा शास्त्री या उसके समतुल्य डिग्रीधारी भी आवेदक कर सकेंगे।

क्या था मामला
आयोग ने 22 जून को विज्ञप्ति प्रकाशित कर संस्कृत शिक्षक व सामान्य शिक्षकों के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। संस्कृत शिक्षक के लिए बीएसटीसी व बीएलएड डिग्री, डिप्लोमा योग्यताधारी को आवेदन के योग्य माना था। उधर सामान्य शिक्षकों के लिए सीनियर सेकंडरी या समतुल्य परीक्षा के साथ दो वर्ष से अन्यून अवधि का मूल अध्यापक प्रशिक्षण में डिप्लोमा या प्रमाण-पत्र, अथवा सीनियर सेकंडरी या समतुल्य परीक्षा, साथ ही प्रारंभिक परीक्षा स्नातक (बीएलएड) योग्यता मांगी थी।

कई बेरोजगारों ने सरकार को ज्ञापन देकर बताया था कि संस्कृत शिक्षण प्रशिक्षण के अंतर्गत बीएलएड नाम का कोई प्रशिक्षण कार्यक्रम, डिग्री या डिप्लोमा नहीं होता। लिहाजा शैक्षणिक योग्यता बदली जाए। बेरोजगारों ने बीएड और शिक्षा शास्त्री शैक्षणिक योग्यताधारियों को भी परीक्षा के लिए पात्र घोषित करने की मांग की थी।

आवेदन की तिथि बढ़ाई
आयोग ने कार्यालय में आवेदन पहुंचने की तारीख 9 सितंबर से बढ़ा कर 23 सितंबर शाम छह बजे तक कर दी है। जिन बीएड/ शिक्षा शास्त्री उपाधि धारकों ने पूर्व में आवेदन पत्र भर कर आयोग कार्यालय में जमा कर दिए हैं, उन्हें पुन: दूसरा आवेदन पत्र भरना होगा।

फरवरी में होगी परीक्षा
परीक्षा फरवरी 2009 में राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर ली जाने की संभावना है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: