अजमेर.
खरीदारों के लिए बुधवार के दिन गणोश चतुर्थी होने से खरीदारी का मौका सोने पर सुहागे की तरह रहेगा। इस बार अजमेर के ऑटोमोबाइल्स व इलेक्ट्रानिक्स मार्केट में खासा उत्साह रहेगा। अजमेर में आम दिनों में जहां महीने भर में जितनी कारें बिकती थी वहीं इस बार एक दिन में ही उतनी कारें सड़कों पर दिखाई देंगी।
अजमेर में बुधवार को कार मार्केट में लगभग 4-5 करोड़ रूपए की खरीदारी होने की उम्मीद है। इसी तरह इलेक्ट्रॉनिक मार्केट में कलर टीवी, एलसीडी, डबल डोर फ्रीज, डिजीटल कैमरे, माइक्रोवेव ओवेन आदि की मांग ज्यादा है। इसके अलावा ज्वैलरी की भी जबर्दस्त मांग है।
कार मार्केट के बारे में राज ऑटो व्हील्स के सेल्स मैनेजर एस कपूर ने बताया कि ग्राहकों की ज्यादातर वैगनार व अल्टो खरीदने में रूचि है। ह्यूडई मोटर्स की गाड़ियों में आइ टेन कस्टमर्स पहली पसंद बनी हुई है।
सिल्की सिल्वर बनी पहली पसंद
अजमेरवासियों में कार के रंगों को लेकर पसंद बदल गई है। वे इंग्लिश कलर को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। ज्यादातर बुकिंग की गई गाड़ियों में लगभग 60 प्रतिशत गाड़ियां सिल्वर कलर की हैं। हालांकि सफेद व लाल एवरग्रीन चॉइस बनी हुई हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में उत्साह
इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में भी ग्राहकों की खरीदारी में काफी बदलाव आया है। कलर टीवी के विकल्प के रूप में एलसीडी व होम थियेटर बन गए हैं। कम्प्यूटर की जगह लैपटॉप बाजार में अपनी जगह बनाता जा रहा है।
दीपक एजेंसीज के मधुष चौधरी ने बताया कि टीवी की कीमत में एलसीडी का मिलना व फाइनेंस स्कीम इसके आकर्षण को और बढ़ा रही है। फाइनेंस स्कीम के चलते कीमती उत्पादों को खरीदने में परहेज नहीं कर रहे हैं। वे बताते हैं कि ग्राहक अब एलसीडी, लैपटॉप व डिजीटल कैमरे खरीदने में ज्यादा रूचि दिखा रहे हैं। गणोश चतुर्थी पर सर्राफा बाजार में कस्टमर्स द्वारा ज्वैलरी की मांग ज्यादा होने की उम्मीद है।