डार्विन. सलामी बल्लेबाज शेन मार्श के जोरदार अर्धशतक और मिशेल जॉनसन की घातक गेंदबाजी(3/17) की बदौलत बुधवार को मरारा क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे वनडे मेंबांग्लादेश को आठ विकेट से हरा दिया। मार्श को उनकी शानदार पारी के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
इस जीत के साथ ही तीन वनडे मैचों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। ऑस्ट्रेलिया ने डार्विन में हुए पहले वनडे में बांग्लादेश को 180 रनों से मात दी थी।
इससे पहले दूसरे वनडे मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की पूरी टीम 36.1 ओवर में महज ११७ रन बनाकर आउट हो गई। बांग्लादेश की ओर से सबसे अधिक रन धीमान घोष ने बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल जानसन ने तीन विकेट लिए। ब्रेकन, क्लार्क और कैमरून व्हाइट दो-दो विकेट लेने में सफल रहे।
118 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 22.4 ओवर में दो विकेट खोकर जीत के लिए आवश्यक रन जुटा लिए। मेजबान की ओर से सलामी बल्लेबाज शॉन मार्श ने एक बार फिर 69 रन की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली।
मार्श के जोड़ीदार शेन वाटसन ने 29 रन का योगदान दिया। बांग्लादेश की ओर से शकीबुल हसन ने 38 रन देकर दो विकेट लिए। सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच शनिवार को डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड पर ही खेला जाएगा।