नई दिल्ली.
पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने आज कहा कि भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान अनिल कुंबले को अब क्रिकेट को अलविदा कह देना चाहिए।
अकरम ने एक निजी टीवी चैनल से कहा कि कुंबले ने जो मुकाम हासिल किया है मैं उसकी इज्जत करता हूं। उन्होंने भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। मुझे लगता है कि अभी कुंबले अपने चरम पर हैं और यही उनके संन्यास लेने का सही समय हैं।
अकरम ने कहा कि राहुल द्रविड़ की जगह कुंबले को टेस्ट कप्तान बनाया गया जो अच्छा था। कुंबले ने अपनी कप्तानी में खेले १२ टेस्ट मैचों में ३६.१४ के औसत से 50 विकेट लिए हैं। कुंबले ने अपने नेतृत्व में खेले गए १२ टेस्ट मैचों में तीन में जीत दर्ज की है जबकि उन्हें पांच में हार का सामना करना पड़ा है।
कुंबले ने भारत की तरफ से अभी तक 113 टेस्ट मैच खेलें हैं जिसमें उन्होंने २९.३३ के औसत से ६१६ विकेट लिए हैं। कुंबले श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन और आस्ट्रेलिया के शेन वार्न के बाद टेस्ट में विकेट लेने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। इसके अलावा कुंबले ने २७१ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में कुल ३३७ विकेट लिए हैं। इस तरह कुंबले क्रिकेट के दोनों संस्क रणों में 1000 विकेट के लक्ष्य को छूने से 50 विकेट दूर हैं।
रिटायर्ड खिलाड़ियों के लिए नहीं आईपीएल
एजेंसी.सिडनी. इंडियन प्रीमियर लीग के कमिश्नर ललित मोदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि आईपीएल रिटायर्ड क्रिकेटरों का ठौर ठिकाना नहीं है। मोदी ने सायमंड्स के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को छोड़कर आईपीएल में खेलने की अटकलबाजियों के संदर्भ में सिडनी मॉìनग हेराल्ड से कहा ‘हमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेल रहें खिलाड़ियों की जरूरत है ना कि रिटायर्ड खिलाड़ियों की।
’सीए के महाप्रबंधक संचालन मिशेल ब्राउन ने कहा ‘सीए सायमंड्स को आईपीएल में खेलने से नहीं रोक रही है बल्कि हम तो चाहते हैं वे राष्ट्रीय टीम में हो। सायमंड्स एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। गौरतलब है कि आईपीएल में डेक्कन चार्जर्स ने सायमंड्स को पांच करोड़ चालीस लाख रूपए में खरीदा था।
ऑस्ट्रेलिया ने सायमंड्स को एक अहम टीम बैठक छोड़कर मछली मारने चले जाने के कारण उन्हें बांगलादेश के खिलाफ वनडे सीरीज से टीम से निकाल दिया था। इस घटना के बाद अब उनके क्रिकेट को अलविदा कह आईपीएल में ही खेलने की खबरें आ रही हैं।