भोपाल. अब एनसीसी, एनएसएस और युवा उत्सव जैसे कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को उपस्थिति कम होने से डरने की जरूरत नहीं है। विद्यार्थी अब इन आयोजनों में बिना बाधा के भाग ले सकते हैं।
प्रदेश के कालेजों में एनसीसी, एनएसएस और युवा उत्सव में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को आयोजनो के दिनों की पूरी उपस्थिति दी जाएगी। उच्च शिक्षा विभाग ने इस बारे में सभी प्राचार्यो को निर्देश दिए हैं।
उच्च शिक्षा आयुक्त, आशीष उपाध्याय ने बुधवार को सभी कालेजों में निर्देश दिए हैं कि एनसीसी, एनएसएस और युवा उत्सव में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को आयोजन के दिनों की शत-प्रतिशत उपस्थिति दी जाए।
विभाग ने साफ किया है कि आयोजन शहर से बाहर होने पर जाने और लौटकर आने वाले दिन की भी पूरी उपस्थिति दी जाएगी। निर्देश में विद्यार्थियों को भी ताकीद किया गया है कि वे आयोजन का कार्यक्रम तय होने पर प्राचार्य से पूर्व में ही अनुमति लें। इसके बाद ही प्राचार्य संबंधित छात्र के विभाग को उपस्थिति संबंधी निर्देश देंगे।
विभाग ने ऐसे छात्रों के आंतरिक मूल्यांकन के बारे में भी स्थिति साफ कर दी है। विभाग ने कहा है कि आयोजनों में शामिल होने वाले छात्रों का आंतरिक मूल्यांकन कार्यक्रमों में जाने से पहले या बाद में करवाया जाए। इसके साथ ही मुख्य परीक्षा के दौरान आयोजन होने पर संबंधित छात्र को अगली परीक्षा में एटीकेटी के साथ शामिल किया जाएगा, लेकिन ऐसे छात्रों की इस परीक्षा को एटीकेटी न कहकर, विशेष परीक्षा कहा जाएगा।
जिला स्तरीय युवा सम्मेलन आज से
भोपाल.नेहरू युवा केंद्र द्वारा जिला स्तरीय युवा सम्मेलन एवं ग्रामीण खेलकूद कार्यक्रमों का आयोजन पालीटेक्निक चौराह स्थित मानस भवन में गुरुवार दोपहर 12.30 बजे से किया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी करेंगे, जबकि कार्यक्रम के विशेष अतिथि महापौर सुनील सूद होंगे।
जिला स्तरीय युवा सम्मेलन में लगभग 700 युवक-युवतियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें से दो युवाओं को जिला स्तरीय युवा पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सद्भावना दिवस पखवाड़े का समापन भी किया जाएगा।