bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

भंडारी मिल से शुरू होगा झांकियों का कारवां

इंदौर. भंडारी मिल रेल ओवरब्रिज का काम शुरू होने के कारण झांकियों का कारवां भंडारी मिल तिराहे (डीआरपी लाइन) से शुरू होगा। सभी झांकियां एक दिन पहले डीआरपी लाइन या अहिल्याश्रम मैदान पर पहुंच जाएंगी। त्योहारों पर जबरिया चंदा वसूली पर कड़ी कार्रवाई होगी।

त्यौहारों के मद्देनजर बुधवार शाम रेसीडेंसी कोठी पर हुई शांति समिति बैठक में ये निर्णय लिए गए। बैठक में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, निगमायुक्त नीरज मंडलोई, कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव, एसपी आर.के. चौधरी, कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद टंडन, तारिक खान भी मौजूद थे।

श्री विजयवर्गीय ने कहा जुलूस मार्ग के खतरनाक मकानों पर चेतावनी बोर्ड लगाएं और पुलिस तैनात रहे। शहर काजी डॉ. इशरत अली ने कहा पिछले साल बेटमा में डोल ग्यारस के जुलूस के दौरान नमाज चल रही थी, जिसे लेकर उपद्रव हुआ। प्रशासन शहर के आसपास भी ध्यान रखे। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने एसपी से कहा राजनीतिक दबाव में पुलिस अपने साथियों पर डंडा निकाल रही है।

श्री टंडन ने कहा दबाव में निर्णय न लें और ऐसी व्यवस्था करें कि सभी वर्गो को सुरक्षा मिले। कृपाशंकर शुक्ला ने पानी के टैंकर बंद होने से बढ़ी दिक्कतों के साथ मुस्लिम बस्तियों में हैलोजन लगाने की मांग की। इस पर निगमायुक्त ने कहा काम शुरू हो गया है।

कलेक्टर ने नेताओं से कहा अपने-अपने क्षेत्र में जबरिया चंदा वसूली पर ध्यान रखें। गोपीकृष्ण नेमा ने कहा ऐसा न हो कि सारा ध्यान झांकियों पर रहे और बाहरी हिस्सा चोरों के हवाले हो जाए। जहां-जहां भी मूर्ति स्थापना हो, सुरक्षा व्यवस्था भी हो। तय हुआ नगर सुरक्षा समिति सदस्य और पुलिस जवान रातभर तैनात रहेंगे।

तीन सौ विशेष पुलिस अधिकारी बनेंगे
इंदौर. रमजान और गणोशोत्सव के साथ शुरू त्योहारों के दौरान पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के लिए डीआईजी ने बुधवार सुबह बैठक ली। पुलिस बल की कमी को देखते हुए नगर सुरक्षा समिति के 300 सदस्यों को विशेष पुलिस अधिकारी का दर्जा देने का निर्णय लिया गया। सुबह 10 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में शुरू हुई बैठक दो घंटे चली। इसमें एसपी आरके चौधरी, दोनों एडीशनल एसपी, सीएसपी व टीआई को हाई अलर्ट में पुख्ता इंतजाम रखने के लिए बधाई दी और आगे भी सतर्कता बरतने का कहा।

एसपी ने बताया त्योहारों को देख जिला पुलिस ने 700 पुलिसकर्मियों का अतिरिक्त बल मांगा है। इनमें एसटीएफ, एसएएफ व पीटीएस की कंपनियां रहेंगी। पुलिस का उद्देश्य चप्पे-चप्पे पर ज्यादा से ज्यादा ध्यान केंद्रित करना है।

पूरे समय ड्यूटी देने में सक्षम करीब 300 नसुस सदस्यों को विशेष पुलिस अधिकारी के तमगे दिए जाएंगे। झांकियों को लेकर भी रणनीति तय हो गई है। सीएसपी व टीआई ने अपने क्षेत्र से निकलने वाली झाकियों के आयोजकों की बैठकें लेकर सतर्कता संबंधी निर्देश दे दिए हैं। झांकियां बनने की जगह की सुरक्षा का प्लान भी पुलिस ने बनाया है। इसके लिए पुलिस के साथ झांकी समिति के लोग भी भागीदार होंगे।

खुदी सड़कें सबसे बड़ी चुनौती
श्री चौधरी ने बताया पुलिस के लिए इस बार सबसे बड़ी चुनौती आधे शहर की खुदी पड़ी सड़कें हैं। शहर की सड़कें यातायात के दबाव को देखते हुए पहले से संकरी हैं। जिससे हर साल झांकियों के चल समारोह में ट्रैफिक की समस्या रहती है। इस बार खुदी सड़कों की चुनौती भी है। फिर भी पुलिस ऐसा प्लान बना रही है कि लोगों को कम से कम परेशानी हो।

चल समारोह के लिए निगम ने ली दो रास्तों की सुध
अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाले चल समारोह का रास्ता तय न होने के कारण नगर निगम ने निर्धारित और वैकल्पिक दोनों रास्ते की सुध लेना शुरू किया है। दरअसल, भंडारी मिल रेल ओवरब्रिज का काम शुरू होने के कारण निर्धारित मार्ग से झांकियां नहीं निकल सकेंगी और वैकल्पिक रास्ते के रूप में चल समारोह राजकुमार आरओबी होते हुए झांकी मार्ग तक ले जाया जाएगा। अभी यहां वेपर लैम्प और ट्यूबलाइट सुधारी जा रही हैं।

सूत्रों का कहना है निगम की छह गैंग मजदूर चौक-भंडारी मिल रेलवे क्रॉसिंग और राजकुमार आरओबी रूट पर काम कर रही हैं। निगम इसके अलावा परदेशीपुरा से भागीरथपुरा जाने वाले मार्ग पर भी प्रकाश व्यवस्थाएं दुरुस्त कर रहा है। जल्द ही दोनों मार्गो की लाइट सुधार ली जाएंगी। हालांकि अभी दरें तय नहीं होने से मार्गो का पैचवर्क शुरू नहीं हो पाया है।

महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा, जनकार्य समिति प्रभारी ललित पोरवाल सहित कुछ एमआईसी सदस्यों के महाराष्ट्र दौरे पर होने के कारण दरें तय नहीं हो पाई हैं। गुरुवार को सभी लौट आएंगे और एक-दो दिनों में दरें तय हो जाएंगी। अधिकारियों का कहना है यह काम भी जल्द शुरू कर समय सीमा में पूरा हो जाएगा।

रोशनी के लिए निगम ने दिए 5000 हैलोजन
इधर, निगम ने गणोशोत्सव पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और संगठनों को 5000 हैलोजन बांट दिए हैं। संस्थाएं 10 दिन तक इनका उपयोग कर सकेंगी। निगम हर हैलोजन का किराया 16 रुपए वहन करेगा जबकि बिजली कनेक्शन का शुल्क हैलोजन लेने वाले देंगे।

नहीं करने देंगे विसर्जन
भाजपा नेता रमेश मेंदोला ने कहा नर्मदा नदी से सटे गांवों में लोग प्रतिमा विसर्जन नहीं करने देंगे। एडीएम रमेश भंडारी ने बताया इसके लिए प्रशासन स्थल चयन करेगा।

..और तय हुआ
>> नदी-तालाबों में विसर्जन के बजाय प्रशासन द्वारा तय स्थानों पर प्रतिमाएं एकत्र कर विधि-विधान से विसर्जन किया जाए।
>> सभी धार्मिक व सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त सफाई और रोशनी रहे।
>> चल समारोह में धार्मिक और राष्ट्रीय गीत ही बजें।
>> चल समारोह में धारदार हथियार पर रोक। केवल अखाड़ों के उस्ताद तलवार रखेंगे। खलीफाओं के लिए प्रशासन उनसे ही चर्चा करेगा। आग के खेल भी नहीं होंगे।
>> हर अखाड़े का प्रदर्शन स्थान और समय तय रहेगा।
>> मंचों के लाउड स्पीकर की आवाज सामान्य रखी जाएगी ताकि व्यवस्था न बिगड़े।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: