कोटपूतली पश्चिम/जयपुर. कोटपूतली कस्बे के पास मोहनुपरा-जोधपुरा स्थित ग्रासीम सीमेंट फैक्ट्री का बीम बुधवार तड़के वहां काम कर रहे मजदूरों पर गिरने से 7 मजदूरों की मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए मजदूरों ने फैक्ट्री तथा वहां खड़े वाहनों में आग लगा दी। आक्रोशित लोगों ने फैक्ट्री के सुरक्षाकर्मियों से मारपीट की। पथराव भी किया,इसमें 11 पुलिसकर्मी और फैक्ट्री के सात लोगों को चोटें आईं।
पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। उधर, पुलिस ने राजकार्य में बाधा डालने, आगजनी व पथराव करने के आरोप में दस लोगों को गिरफ्तार कर फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि सुबह फैक्ट्री में पच्चीस मीटर की ऊंचाई से एक बीम भरभरा कर मजदूरों पर जा गिरा।
इसके नीचे आठ मजदूर दब गए। बीम गिरने की सूचना के बाद फैक्ट्री में हड़कंप मच गया। कुछ देर बाद नीचे दबे मजदूरों को बीम के नीचे से निकाला गया। तब तक पांच मजदूरों की मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल तीन मजदूरों को उपचार के लिए एसएमएस रैफर कर दिया। इनमें से दो मजदूरों की मौत हो गई तथा एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
सैकड़ों लोग जुटे
फैक्ट्री में बीम गिरने तथा सात मजदूरों की मौत हो जाने की खबर इलाके में आग की तरफ फैल गई। सुबह आठ बजे तक आसपास के गांवों तथा फैक्ट्रियों में काम करने वाले करीब एक हजार से अधिक लोग एकत्रित हो गए।
लोगों ने फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा घटिया निर्माण सामग्री की जांच कराने की मांग को लेकर नारेबाजी करने लग गए। नारेबाजी के दौरान ही लोग आक्रोशित हो गए और फैक्ट्री के लोगों तथा पुलिस पर पथराव कर दिया। जाप्ता पहुंचता उससे पहले ही वहां खड़े एक दर्जन वाहनों तथा फैक्ट्री में आग लगा दी जिससे फैक्ट्री का कुछ हिस्सा जलकर राख हो गया।
लाखों का सामान खाक
आक्रोशित लोगों ने फैक्ट्री के कर्मचारियों को पीट दिया तथा फैक्ट्री में घुस गए। लोगों ने फैक्ट्री परिसर में स्थित सिक्योरिटी ऑफिस, दो दमकल, दो दर्जन साइकिल, एक दर्जन मोटरसाइकिल व स्कूटर, होट मिक्स मशीन, माइनिंग मशीन, डीजल से भरा स्टोर, दो ट्रैक्टर डम्पर, बकट अलटिवेटर तथा बकट डोजर के अलावा फैक्ट्री व कोटपूतली नगरपालिका की दमकल को आग के हवाले कर दिया।
पुलिस ने आक्रोशित लोगों पर पानी की बौछारे तथा सड़क पर लाठियां भांजकर भीड़ को तितर-बितर किया। पुलिस ने भीड़ के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने, पथराव तथा आगजनी करने का मामला दर्ज कर दस लोगों को गिरफ्तार किया है वहीं फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है।
ये हुए हादसे का शिकार
हादसे में कुजौता निवासी देशराज पुत्र महावीर राजपूत, उत्तर प्रदेश के बसारीकापुर निवासी मोहन पुत्र रामेश्वर, तिलकारी गांव के राजेश पुत्र शिवजतन, बिहार के छपरा निवासी मुकेश पुत्र दिनानाथ, पश्चिम बंगाल के ताजापुर निवासी हिजाबूल पुत्र अहमद तथा बिहार के छपरा निवासी गिरदारी पुत्र फुलेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उपचार के दौरान दुलाल शेख की सवाई मानसिंह अस्पताल में मौत हो गई।
घायल मजदूर जीवरायल का एसएमएस अस्पताल में हालत स्थिर बनी हुई है। उधर, सीमेंट फैक्ट्री में हुई आगजनी तथा तोड़फोड़ की जड़ ग्रामीण पुनर्वास बता रहे हैं वहीं फैक्ट्री प्रबंधन का कहना है कि किसी भी काश्तकार के साथ अन्याय नहीं किया गया। काश्तकारों को उनकी जमीन तथा मकानों का उचित मुआवजा दिया गया है।