bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

प्रदेश का पहला निजी मेडिकल कालेज दुर्ग में

दुर्ग. राज्य शासन ने बुधवार को चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल हास्पिटल को मेडिकल कालेज खोलने की मंजूरी दे दी। प्रदेश में यह पहला निजी मेडिकल कालेज होगा।

सांसद ताराचंद साहू व चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल हास्पिटल एवं रिसर्च सेंटर के मैनेजिंग डायरेक्टर डा. एमपी चंद्राकर ने प्रेस कान्फरेंस में बताया कि राज्य शासन ने दुर्ग में मेडिकल कालेज खोलने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। एमसीआई (मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया) को अगस्त 2009 में आवेदन किया जाएगा।

आवेदन करने से पहले एमसीआई की रिक्वायरमेंट पूरी कर ली जाएगी। मेडिकल कालेज की स्थापना में सवा सौ से डेढ़ सौ करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। मेडिकल कालेज दुर्ग के पुलगांव में बनेगा, जहां 500 बेड के सर्वसुविधायुक्त हास्पिटल के साथ ही हास्टल व स्टाफ क्र्वाटर का निर्माण एक ही जगह किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जुलाई 2010 से संस्था मेडिकल कालेज खोलने की स्थिति में आ जाएगी। सांसद साहू ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया। वर्तमान में प्रदेश में तीन शासकीय मेडिकल कालेज रायपुर, बिलासपुर व जगदलपुर में है। रायपुर व बिलासपुर की 100-100 की और जगदलपुर कालेज 50 सीट की है। इस तरह प्रदेश में कुल 250 सीट ही उपलब्ध हैं। दुर्ग में खुलने वाला मेडिकल कालेज प्रदेश का पहला निजी मेडिकल कालेज होगा। यह कालेज 100 सीट का होगा।

हास्पिटल के मैनेजिंग डायरेक्टर डा. एमपी चंद्राकर ने बताया कि मेडिकल कालेज के लिए सांसद ताराचंद साहू काफी दिनों से प्रयासरत थे। एक प्रतिनिधिमंडल 6 महीने पहले सांसद साहू के नेतृत्व में मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह व स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल से मिला था।

मेडिकल कालेज की मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वस्त किया था। बुधवार को सांसद के नेतृत्व में डा. चंद्राकर ने संस्था के डायरेक्टरों के साथ फिर मुख्यमंत्री से मिलकर बात रखी और शासन ने मुहर लगा दी। मंजूरी मिलने से सांसद निवास में हर्ष का माहौल रहा। इस मौके पर चंदूलाल चंद्राकर हास्पिटल के डायरेक्टर डा. शिव चंद्राकर, डा. अश्वनी चंद्राकर, डा. सीपी वाघेला, डा. रवि शर्मा, डा. डीपी चंद्राकर व लखन लाल साहू, संजय सिंह आदि मौजूद थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: