bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

10 को अनूपपुर में ‘रेल रोको आंदोलन’

बिलासपुर. रोड अंडर ब्रिज निर्माण की मांग को लेकर अनूपपुर के लोग 10 सितंबर को ‘रेल रोको आंदोलन’ की तैयारी में हैं। उन्होंने इस संबंध में बुधवार को रेल प्रशासन को आगाह कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि अनूपपुर में सड़क यातायात में रोजाना हो रही परेशानी को देखते हुए लंबे समय से रोड अंडर ब्रिज बनाने की मांग की जा रही है जो अब तक पूरी नहीं हो सकी है। इसके लिए कई बार यहां के लोगों ने रेल प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है।

हालांकि इस संबंध में निर्णय लिया जा चुका है, जिसमें अनूपपुर रेलवे यार्ड के करीब लेवल क्रासिंग के पास लगभग सवा करोड़ रुपए की लागत से ब्रिज बनाया जाना है, इसके लिए राज्य सरकार ने 80 लाख रुपए रेलवे को दे दिए हैं। मगर काफी इंतजार के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिससे लोगों में असंतोष है।

इसी मामले में अनूपपुर के लोगों ने रेल प्रशासन को आगाह किया है कि यदि 9 सितंबर तक ब्रिज का निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो वे 10 सितंबर को आंदोलन छेड़ते हुए ट्रेनें रोक देंगे। वैसे इस संबंध में रेलवे अधिकारियों का मानना है कि बारिश के मौसम तक तो ब्रिज का निर्माण शुरू नहीं किया जा सकता। इससे रेल प्रशासन भी असमंजस में है।

‘इस बारे में रेलवे को सूचना मिली है। बारिश के मौसम में ब्रिज का निर्माण शुरु कर पाना आसान नहीं है। इस लिहाज से रेल प्रशासन अनूपपुर के लोगों से चर्चा का प्रयास कर रहा है। संभव है कि इस स्थिति को वे लोग भी समझेंगे, जिससे रेल रोकने जैसी स्थिति टल जाएगी’
—एके पांडेय, सीपीआरओ एसईसीआर





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: