जोधपुर. महामंदिर थाना क्षेत्र में बुधवार को दो मोटर साइकिलों पर सवार चार युवकों ने राह चलते एक वृद्ध व्यक्ति से दो लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया। बैग लेकर लुटेरे फरार हो गए। पुलिस ने लोगों की मदद से दो लुटेरों को दबोच लिया, लेकिन दो लुटेरे मोटर साइकिल पर लूट की राशि लेकर भागने में कामयाब हो गए।
बाद में सिरोही पुलिस की मदद से कुछ ही घंटों बाद फरार हुए लुटेरे भी पकड़ में आ गए। इन दोनों के कब्जे से लूटे गए दो लाख रुपए बरामद करने साथ लूट में प्रयुक्त मोटर साइकिल भी जब्त की गई।
सिटी एसपी मालिनी अग्रवाल ने बताया कि ऑयल इंडिया लिमिटेड के सेवानिवृत्त अभियंता एसडी कविया बुधवार दोपहर को रातानाडा स्थित पंजाब नेशनल बैंक गए। उन्होंने बैंक एकाउंट से दो लाख रुपए निकाले। नकदी से भरा बैग लेकर कविया टेंपो में सवार होकर बीजेएस कालोनी स्थित अपने घर लौट रहे थे।
कविया दोपहर 1.35 बजे पावटा बी रोड स्थित वैशाली हैंडलूम के पास टेंपो से उतरने के बाद घर की तरफ पैदल ही रवाना हो गए। तभी दो मोटर साइकिलों पर सवार होकर आए चार युवकों ने उसने हाथ से रुपयों भरा बैग झपट लिया और फरार हो गए। हाथ से रुपयों से भरा बैग लुटते देख कविया मदद के लिए चिल्लाने लगे।वहां मौजूद कुछ युवकों ने उनका पीछा किया।
दो लुटेरों को युवकों ने पीछा कर दबोचा
दिन दहाड़े राहगीर के हाथ से बैग लूटकर ले जाते देख कुछ युवकों ने लुटेरों का पीछा किया और लाल मैदान के समीप उनमें से दो जनों को दबोच लिया, लेकिन रुपयों भरा बैग इन लुटेरों के पास नहीं मिला। लूट की इतला मिलते ही पुलिस भी हरकत में आ गई।
एएसपी सवाईसिंह गोदारा, वृत्ताधिकारी (पूर्व) नारायणसिंह राजपुरोहित सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। लोगों की भीड़ व पुलिस को देखकर दोनों लुटेरे घबरा गए। बाद में महामंदिर पुलिस दोनों को थाने लेकर गई। यहां पुलिस ने दोनों से दो घंटे तक फरार हुए साथियों व लूट की राशि के बारे में पूछताछ की। पूछताछ में एक की पहचान रितेश व दूसरे की आरिफ के रूप में हुई। ये दोनों अहमदाबाद रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि लूट की राशि सन्नी व मुकेश लेकर गए है। वे भी अहमदाबाद के रहने वाले हैं।
सिरोही से आगे बारी घाटा पर पकड़े गए
जोधपुर में पकड़े गए रितेश व आरिफ ने बताया कि लूट की राशि उनके साथी सन्नी व मुकेश के पास है। पुलिस ने इनसे पूछताछ की तो लुटेरों ने अपने साथियों के मोबाइल नंबर भी बताए। पुलिस ने सूझबूझ से काम लिया।
पुलिस ने मुकेश व सन्नी से रितेश व आरिफ की मोबाइल पर बातचीत करवाई। लोकेशन का पूछने पर मुकेश ने बताया कि वे शिवगंज के आगे पोसालिया गांव तक पहुंच गए हें। इसके बाद सिटी एसपी मालिनी अग्रवाल ने सिरोही एसपी से बातचीत कर नाकाबंदी करवाई। शहर में गणोश चतुर्थी पर जुलूस निकल रहा था। बाद में थानाधिकारी कमलसिंह ने सिरोही के बारी घाटा पर मोटर साइकिल पर जा रहे दोनों लुटेरों को दबोच लिया। इनके कब्जे से दो लाख रुपयों से भरा लूट का बैग बरामद हो गया। पुलिस ने मोटर साइकिल भी जब्त कर ली।
शातिर गैंग के सदस्य
अहमदाबाद में रहने वाले चारों युवक लूट व अन्य वारदातों को अंजाम देने वाली शातिर गैंग के सदस्य है। इन युवकों का यहीं काम है। वे मोटर साइकिल व अन्य वाहनों से एक से दूसरे शहर में जाकर लूट की वारदात को अंजाम देकर रफूचक्कर हो जाते है। पकड़े गए युवक आधा दर्जन लूट व अन्य घटनाओं में लिफ्त हैं।
पुलिस ने बताया कि इन शातिर लुटेरों से रात भर पूछताछ की जाएगी। इनसे जोधपुर सहित अन्य शहरों की कई वारदातें खुलने की संभावना हैं। पुलिस ने बताया कि ये शातिर युवक बैंक व अन्य शॉपिंग मॉल के बाहर खड़े रहकर रैकी करते है। इसके बाद लूट की वारदात को अंजाम देते है। बुधवार को इन शातिर लुटेरों ने सेवानिवृत्त अधिकारी को बैंक से बाहर नकदी लेकर आते देखा था। इसके बाद जब टेंपो में सवार हुए तो इन्हें यह आभास हो गया कि यह रुपयों से भरी थैली कर नीचे जरुर उतरेगा। इन सभी पहलुओं को देखने के बाद ही लूट की योजना बनाई थी।
लुटेरों को लेकर जोधपुर पहुंची पुलिस
लूट की वारदात में पकड़े गए अहमदाबाद निवासी मुकेश व सलीम को जोधपुर लाने के लिए शहर पुलिस का एक दल बुधवार को सिरोही में दबोचे गए शातिर लुटेरों को लेकर देर रात जोधपुर लौट आया। पूरे मामले का खुलासा गुरुवार को ही हो पाएगा। एएसपी सवाईसिंह गोदारा ने बताया कि पकड़े गए लुटेरों से पूछताछ की जा रही है। इनसे लूट की कुछ और वारदातें भी खुलने की उम्मीद है।