कोटा.
गणेश चतुर्थी पर शहर के बाजारों में धनतेरस की तरह भीड़भाड़ व खरीदारी का माहौल दिखाई दिया। मिठाई की दुकानों, सर्राफा बाजार एवं ऑटोमोबाइल बाजार में लोगों ने जमकर खरीदारी की। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में ग्राहकी सामान्य रही। एक ही दिन में करीब 22 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार हुआ।
ऑटोमोबाइल : शोरूम पर सुबह बाजार खुलने के साथ ही व्हीकल के मॉडल पसंद करने और खरीदने का दौर शुरू हो गया। जो दुकानें बंद होने तक जारी रहा। कारों के शो रूम पर कई लोग परिवार सहित पहुंचे और उन्होंने मॉडल अपनी पसंद के अनुरूप खरीदे।
कोटा मोटर व्हीकल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम फतेहपुरिया ने बताया कि इस बार सभी जगह सामान्य बुधवार की अपेक्षा दुगनी बिक्री हुई है। उन्होंने बताया कि करीब 500 टू व्हीलर और 100 फोर व्हीलर बिके हैं। दोनों मिलाकर करीब 15 करोड़ की बिक्री हुई है।
आभूषण : सर्राफा बाजार, गुमानपुरा एवं शॉपिंग सेंटर स्थित आभूषणों के शो रूम पर धनतेरस जैसा माहौल था। सावे नहीं होने के बावजूद इस बार दुकानों पर महिला ग्राहकों ने जमकर आभूषणों की खरीदारी की। जयभाई सर्राफ के अनुसार एक तो सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट के समाचार और बुधवार को गणोश चतुर्थी पड़ने से सामान्य दिनों की अपेक्षा दुगनी बिक्री हुई। बाजार में करीब 3.50 करोड़ का सोना और 2.50 करोड़ की चांदी की खरीदारी की गई।
मिठाई : मिठाई की दुकानों पर यूं तो गणोश चतुर्थी के एक दिन पहले ही मोदक की खरीदारी शुरू हो गई थी, लेकिन बुधवार का दिन विघ्नविनाशक के भक्तों के लिए विशेष था। शहर के प्रमुख मिठाई विक्रेताओं के अनुसार करीब 20 लाख रुपए के मोदक की बिक्री होने का अनुमान है।
इलेक्ट्रॉनिक्स : इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में कंप्यूटर और टीवी की अच्छी बिक्री हुई किन्तु यहां बाजार में खरीदारी की जैसी उम्मीद थी, वैसी नहीं रही। विक्रेताओं का कहना था कि औसतन सब मिलाकर 80 लाख से एक करोड़ रुपए की बिक्री का अनुमान है।