Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
ईशा देओल इस समय कम फिल्में कर रही हैं। यही नहीं वह नए नायकों के साथ भी काम करने से इंकार कर रही हैं। ऐसे में उन्होंने शिवम नायर की फिल्म ‘एक्सचेंज ऑफर’ में काम करना मंजूर किया है जिसमें उनके नायक राहुल बोस हैं। ईशा इस फिल्म में गिटारिस्ट का किरदार निभा रही हैं और इसके लिए वह उसे सीखने की दिशा में जोर-शोर से जुटी हैं।
गौरतलब है कि ‘कैश’ फिल्म के लिए ईशा ने किक बॉक्सिंग सीखी थी और अब वह गिटार सीख रही हैं। पीवीआर पिक्चर्स द्वारा निर्मित इस फिल्म के बारे में ईशा ने बताया, ‘संगीत से मुझे बहुत प्यार है और मैं नृत्य भी करती हूं, लेकिन गिटार सीखना बहुत ही कठिन काम है।
जब मैं कॉलेज में थी तब कुछ समय मैं गिटार सीखने जाती थी। ‘एक्सचेंज ऑफर’ में जब मैंने सुना की मुझे गिटार बजानी है तो मैंने निर्देशक से कहा कि मुझ पर गिटार हाथ में लिए हुए दृश्य फिल्माए जाए, लेकिन शिवम तैयार नहीं हुए।
उन्होंने कहा, इस तरह के नकली दृश्यों से फिल्म में जान नहीं आएगी। इसलिए अब मैं गिटार सीख रही हूं। सबसे पहले मैंने सुभाष घई की फिल्म कर्ज का मशहूर गीत एक हसीना थी बजाना सीखा है। अब मैं अपनी मां की फिल्म सत्ते पे सत्ता का दिलबर मेरे गीत बजाना सीखना चाहती हूं क्योंकि यह मेरा पसंदीदा है।’
ईशा ने आगे बताया, ‘मुझे पता है कि कोई भी वाद्य बजाना सीखना बहुत मुश्किल है। मैं गिटार बजाना सीख तो रही हूं, लेकिन अच्छी गिटार बजाना सीखने के लिए कई वर्ष चाहिए। हालांकि मेरी मां और बहन मुझे बहुत सपोर्ट कर रहे हैं। मेरी मां ने सितार बजाना सीखा है और आहना गिटार बजाना सीख रही है।’