Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
एकता कपूर की लाड़ली बानी यानी प्राची देसाई अब फिल्मों में ही अपना कैरियर बनाना चाहती हैं। एकता भी उनकी सफलता चाहती हैं इसलिए उन्होंने प्राची को बालाजी के कांट्रैक्ट से मुक्त कर दिया है। जाहिर है कि प्राची एकता की इस दरियादिली से न सिर्फ खुश हैं, बल्कि तहेदिल से उनकी शुक्रगुजार भी हैं।
सूत्र ने बताया, ‘एकता ने प्राची के पास आ रहे फिल्मों के ऑफर देखते हुए उन्हें कांट्रैक्ट से मुक्त करना ही उचित समझा है।’
गौरतलब है कि प्राची की हालिया प्रदर्शित फिल्म ‘रॉक ऑन’ बॉक्स ऑफिस पर सराही जा रही है। और तो और फरहान की नायिका बनीं प्राची के काम की तारीफ हो रही है। यही वजह है कि महेश भट्ट ने प्राची को अपनी नई फिल्म ‘जश्न’ में नायिका बनाया है।
इसके पहले एकता और सुनील शेट्टी भी अपनी दो फिल्मों के लिए प्राची को साइन कर चुके हैं। हालांकि बालाजी के कांट्रेक्ट की वजह से वह बाहरी फिल्में नहीं कर पा रही थीं। इस बाबत जब उन्होंने एकता से बात की तो एकता ने उन्हें समझौते से मुक्त करना ही बेहतर समझा। अपने इस निर्णय पर एकता ने बताया, ‘प्राची अपने कैरियर के अत्यंत महत्वपूर्ण मोड़ पर हैं और हम नहीं चाहते कि उसके कैरियर में कोई रुकावट आए।’